महुदा (धनबाद):झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट के बोर्ड ऑफ ट्रस्टी की महत्वपूर्ण बैठक मंगलवार को महुदा के कंचनपुर स्थित ट्रस्ट के प्रधान कार्यालय ममता कुंज में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता ट्रस्ट की अध्यक्ष पूनम वर्मा ने की। इस दौरान संगठन को आगामी तीन वर्षों तक प्रभावी एवं सशक्त तरीके से संचालित करने के उद्देश्य से नए पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों का सर्वसम्मति से चयन किया गया।
बैठक में पूनम वर्मा को अध्यक्ष, हलीमा एजाज को सचिव तथा विनोद महतो को कोषाध्यक्ष चुना गया। वहीं शंकर रवानी, मालती देवी, ज्योति कुमारी और नेहा कुमारी को ट्रस्टी के रूप में जिम्मेदारी सौंपी गई। सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों का सदस्यों ने स्वागत करते हुए उन्हें शुभकामनाएं दीं।
बैठक के दौरान ट्रस्ट द्वारा संचालित “बाल विवाह मुक्त भारत अभियान” के तहत चल रहे कार्यक्रमों की विस्तृत समीक्षा की गई। इस दौरान बाल विवाह उन्मूलन, बाल तस्करी (चाइल्ड ट्रैफिकिंग) की रोकथाम, बच्चों के विरुद्ध हिंसा पर नियंत्रण तथा बाल अधिकारों के संरक्षण से जुड़े कार्यों को और प्रभावी बनाने पर विस्तार से चर्चा हुई।
सदस्यों ने आगामी एक वर्ष की कार्ययोजना तैयार करते हुए निर्णय लिया कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में जन-जागरूकता अभियान को और व्यापक बनाया जाएगा, ताकि अधिक से अधिक लोगों को बाल अधिकारों, शिक्षा, सुरक्षा और संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा सके।
बैठक में इस बात पर भी जोर दिया गया कि समाज के कमजोर एवं वंचित वर्गों, विशेषकर बच्चों और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा, शिक्षा, स्वास्थ्य और सशक्तिकरण के लिए सरकारी एवं गैर-सरकारी संस्थाओं के सहयोग से लगातार अभियान चलाए जाएंगे। ट्रस्ट सामाजिक विकास की दिशा में सामुदायिक सहभागिता को भी बढ़ावा देगा।
बैठक के अंत में सभी नवनिर्वाचित पदाधिकारियों एवं ट्रस्टियों को बधाई देते हुए विश्वास व्यक्त किया गया कि उनके नेतृत्व में झारखंड ग्रामीण विकास ट्रस्ट सामाजिक सरोकारों से जुड़े कार्यों को और अधिक प्रभावी ढंग से आगे बढ़ाएगा तथा समाज के अंतिम पायदान पर खड़े जरूरतमंद लोगों तक विकास और संरक्षण की योजनाओं का लाभ पहुंचाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।
















