धनबाद: विशेष गहन मतदाता सूची पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान को सफल बनाने के उद्देश्य से धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी ने जमीनी स्तर पर अपनी सक्रियता बढ़ा दी है। इसी क्रम में जिला कांग्रेस कमिटी के अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह एवं महानगर प्रभारी शकील अख्तर ने धनबाद और झरिया विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न मतदान केंद्रों का औचक निरीक्षण कर अभियान की प्रगति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने बूथ स्तर पर कार्य कर रहे बीएलओ, बीएलए-2 और कांग्रेस कार्यकर्ताओं से संवाद कर अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान नेताओं ने धनबाद विधानसभा क्षेत्र के मनईटांड एवं बरमसिया तथा झरिया विधानसभा क्षेत्र के ऊपर कुली, गुजराती स्कूल, प्रियदर्शनी स्कूल और जामाडोबा स्थित रमजानपुर के विभिन्न बूथों का दौरा किया। उन्होंने मतदाता सूची को त्रुटिरहित और अद्यतन बनाने के लिए बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया तथा सभी पात्र मतदाताओं तक पहुंच सुनिश्चित करने की बात कही।
महानगर प्रभारी शकील अख्तर ने कहा कि मतदाता सूची का शुद्ध और अद्यतन होना लोकतंत्र की मजबूती का आधार है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी इस अभियान को प्रत्येक पात्र नागरिक के संवैधानिक और लोकतांत्रिक अधिकार से जोड़कर देखती है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को एन्यूमरेशन फॉर्म भरने के लिए प्रेरित करने तथा आवश्यकता पड़ने पर स्वयं उनकी सहायता करने की अपील की।
जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष कुमार सिंह ने कहा कि धनबाद जिला कांग्रेस कमिटी निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप पूरी गंभीरता और जिम्मेदारी के साथ अभियान में जुटी हुई है। उन्होंने कहा कि बीएलओ और बीएलए-2 के बीच बेहतर तालमेल स्थापित कर यह सुनिश्चित किया जाएगा कि कोई भी पात्र मतदाता मतदाता सूची से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि झारखंड के मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी के. रवि कुमार ने भी सभी राजनीतिक दलों से विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में सक्रिय सहयोग की अपील की है। कांग्रेस पार्टी इस अपील का सम्मान करते हुए पूरी प्रतिबद्धता के साथ अभियान को सफल बनाने में जुटी हुई है।
संतोष कुमार सिंह ने स्पष्ट किया कि अनमैप्ड मतदाताओं की मैपिंग का कार्य लगभग पूरा हो चुका है। अब अभियान के अगले चरण में प्रत्येक पात्र मतदाता का अलग-अलग एन्यूमरेशन फॉर्म भरवाना अनिवार्य है। उन्होंने कहा कि यदि किसी परिवार में पांच मतदाता हैं तो सभी पांचों को अलग-अलग फॉर्म भरना होगा, चाहे उनके विवरण में कोई परिवर्तन हुआ हो या नहीं। यह प्रक्रिया संबंधित बीएलओ अथवा ऑनलाइन माध्यम से भी पूरी की जा सकती है।
उन्होंने सभी प्रखंड एवं नगर अध्यक्षों तथा विधानसभा प्रभारियों को निर्देश दिया कि सभी बीएलए-2 अपने-अपने बूथों पर सक्रिय रहें, घर-घर जाकर मतदाताओं को जागरूक करें, फॉर्म भरने में सहयोग करें तथा बीएलओ के साथ समन्वय स्थापित कर अभियान को गति दें। उन्होंने कहा कि किसी भी पात्र मतदाता को जानकारी के अभाव या तकनीकी कारणों से उसके लोकतांत्रिक अधिकार से वंचित नहीं होने दिया जाएगा।
निरीक्षण के दौरान झारखंड प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव शमशेर आलम, प्रदेश संयोजक मुख्तार खान, प्रदेश कोऑर्डिनेशन कमेटी के सदस्य मदन महतो, सिंदरी विधानसभा प्रभारी नवनीत नीरज, बाघमारा विधानसभा प्रभारी मनोज यादव, अवध नारायण प्रसाद, जहीर अंसारी, राजू दास, योगेंद्र योगी, महेंद्र दुबे, क्यूम खान, आदित्य आनंद, धनबाद नगर अध्यक्ष मृत्युंजय सिंह, मनोज हाड़ी, शशीनाथ तिवारी, संतोष राय, भगवान दास, संतोष मोदक, बलराम महतो, रणजीत पांडेय, धनबाद प्रखंड अध्यक्ष देवेंद्र कुमार, भूली नगर अध्यक्ष गंगा बाल्मिकी, नवीन पासवान, झरिया नगर अध्यक्ष श्याम कुमार साव, एनएसयूआई प्रदेश उपाध्यक्ष गोपाल कृष्णा चौधरी, राज बिहारी यादव, धनबाद विधानसभा प्रभारी कालीचरण यादव, भोला सिंह, रामजी सिंह, अशोक मालाकार, हलीम अंसारी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















