देवघर:आम लोगों को ड्राइविंग लाइसेंस की सुविधा प्रखंड स्तर पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से देवघर जिले के सभी 10 प्रखंडों में मंगलवार से विशेष ड्राइविंग लाइसेंस कैंप की शुरुआत हो गई। यह अभियान 30 जुलाई तक चलेगा। कैंप का आयोजन प्रतिदिन सुबह 10:30 बजे से दोपहर 2:30 बजे तक किया जाएगा।
अभियान के पहले दिन देवीपुर प्रखंड कार्यालय परिसर में आयोजित कैंप में लर्निंग लाइसेंस के लिए पहले से ऑनलाइन आवेदन कर चुके 70 अभ्यर्थियों ने भाग लिया। जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार के नेतृत्व में परिवहन विभाग की टीम ने सभी आवेदकों के दस्तावेजों का सत्यापन किया, जिसके बाद ऑनलाइन परीक्षा आयोजित की गई।
ऑनलाइन परीक्षा में 70 में से 30 अभ्यर्थी सफल हुए, जबकि 40 अभ्यर्थी उत्तीर्ण नहीं हो सके। सफल अभ्यर्थियों को कैंप स्थल पर ही लर्निंग ड्राइविंग लाइसेंस जारी किया गया।
कैंप के दौरान जिला परिवहन पदाधिकारी विजय कुमार और देवीपुर के अंचलाधिकारी खोपलाल राम ने लोगों को सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों के प्रति जागरूक किया। अधिकारियों ने हेलमेट और सीट बेल्ट के अनिवार्य उपयोग, सुरक्षित वाहन संचालन तथा सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने वाले ‘गुड समैरिटन (नेक मददगार)’ कानून की जानकारी भी दी। साथ ही सरकार की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं से भी लोगों को अवगत कराया गया।
कैंप के सफल संचालन में मोटरयान निरीक्षक अमित कुमार झा, प्रथम कुमार रजवार, जिला सड़क सुरक्षा प्रबंधक शिव कुमार राय, प्रखंड के कंप्यूटर ऑपरेटर तथा परिवहन विभाग के अन्य कर्मियों की सक्रिय भूमिका रही।
















