धनबाद:राष्ट्रीय चिकित्सक दिवस के अवसर पर मंगलवार को आईआईटी (आईएसएम) धनबाद के हेल्थ सेंटर में विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस अवसर पर संस्थान के चिकित्सकों को उनके समर्पित योगदान, उत्कृष्ट स्वास्थ्य सेवाओं और सेवा भावना के लिए सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में संस्थान के निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने सभी चिकित्सकों को शॉल एवं स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित करते हुए उनके कार्यों की सराहना की।
समारोह को संबोधित करते हुए निदेशक प्रो. सुकुमार मिश्रा ने कहा कि किसी भी शैक्षणिक संस्थान की सफलता के पीछे स्वस्थ और सुरक्षित परिसर की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। उन्होंने कहा कि आईआईटी (आईएसएम) के चिकित्सक विद्यार्थियों, शिक्षकों, कर्मचारियों तथा उनके परिवारों को गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए सदैव तत्पर रहते हैं। उन्होंने चिकित्सकों के समर्पण, सेवा भावना और मानवीय दृष्टिकोण की प्रशंसा करते हुए कहा कि डॉक्टर्स डे उनके प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का अवसर है।
कार्यक्रम में संस्थान के उप निदेशक प्रो. शरत कुमार दास, कुलसचिव प्रबोध पांडेय, मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी (प्रभारी) डॉ. तनुश्री बनर्जी, चिकित्सा पदाधिकारी डॉ. एस. पी. श्रीवास्तव, डॉ. भास्कर मंडल, डॉ. रामजी पांडेय, डॉ. जगमोहन कुमार, डॉ. संतोष कुमार एवं डॉ. अनामिका गुप्ता सहित हेल्थ सेंटर के चिकित्सकों को सम्मानित किया गया।
इस अवसर पर काउंसलर ऐश्वर्या राव, प्रशासनिक पदाधिकारी सत्येंद्र कुमार तथा हेल्थ सेंटर के सभी कर्मचारी भी उपस्थित रहे। सभी ने चिकित्सकों के योगदान की सराहना करते हुए बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने के उनके निरंतर प्रयासों की प्रशंसा की।
कार्यक्रम का समापन संस्थान में स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़, प्रभावी एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने के सामूहिक संकल्प के साथ हुआ। आयोजन के दौरान चिकित्सकों के प्रति सम्मान और आभार का भाव स्पष्ट रूप से देखने को मिला।
















