जमशेदपुर: औद्योगिक नगरी जमशेदपुर में टाटा मोटर्स और एसोसिएटेड बॉडी बिल्डर्स के संयुक्त तत्वावधान में 35 नई कमर्शियल गाड़ियों के डिलीवरी समारोह का भव्य आयोजन किया गया। इस अवसर पर पहले चरण में 35 में से 5 अत्याधुनिक कमर्शियल वाहन प्रमुख ट्रांसपोर्ट कंपनी केपीएस लॉजिस्टिक्स को सौंपे गए। समारोह में टाटा मोटर्स के अधिकारी, एसोसिएटेड बॉडी बिल्डर्स के प्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ट्रांसपोर्ट व्यवसाय से जुड़े लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए टाटा मोटर्स के एरिया सेल्स मैनेजर प्रकाश चंद्रा ने बताया कि वाहन प्राप्त करने वाला ग्राहक ईस्टर्न ज़ोन के प्रमुख ट्रांसपोर्टरों में शामिल है, जिसके बेड़े में पहले से 700 से अधिक वाहन संचालित हो रहे हैं। उन्होंने कहा कि वर्षों से ग्राहकों का टाटा मोटर्स और एसोसिएटेड बॉडी बिल्डर्स पर बना भरोसा ही इस बड़े ऑर्डर का प्रमुख कारण है।
उन्होंने बताया कि कंपनी की नई MY26 सीरीज़ की कमर्शियल गाड़ियों में कई आधुनिक तकनीकी बदलाव किए गए हैं। इनमें एडवांस्ड ATS सिस्टम, ऑटो-एडजस्टेबल और अधिक आरामदायक सीटें तथा बेहतर ड्राइविंग अनुभव देने वाले कई नए फीचर्स शामिल हैं। कंपनी का दावा है कि इन तकनीकी सुधारों के कारण ग्राहकों को पहले की तुलना में 8 से 10 प्रतिशत तक अधिक माइलेज मिलेगा, जिससे ईंधन खर्च कम होगा और परिवहन व्यवसाय की परिचालन लागत में कमी आएगी।
अधिकारियों ने बताया कि गाड़ियों के क्राउन और ड्राइवलाइन में भी महत्वपूर्ण बदलाव किए गए हैं, जिससे भारी लोड के साथ भी कठिन और ऊबड़-खाबड़ रास्तों पर बेहतर प्रदर्शन सुनिश्चित होगा। वहीं एसोसिएटेड बॉडी बिल्डर्स ने ट्रेलर बॉडी को ग्राहकों की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार किया है, जिससे वाहन अधिकतम क्षमता के साथ सुरक्षित और कुशल संचालन कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान एसोसिएटेड बॉडी बिल्डर्स के चिन्ना डायरेक्टर हरेंद्र सिंह और पार्टनर डायरेक्टर प्रशांत कुमार तिवारी ने भी ग्राहकों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि कंपनी भविष्य में भी अत्याधुनिक तकनीक और बेहतर गुणवत्ता वाले उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए प्रतिबद्ध रहेगी।
समारोह में मौजूद अधिकारियों ने विश्वास जताया कि नई कमर्शियल गाड़ियों से ग्राहकों के व्यवसाय को नई गति मिलेगी, ड्राइवरों को अधिक सुरक्षित एवं आरामदायक कार्य वातावरण मिलेगा और परिवहन क्षेत्र के साथ-साथ रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को भी बढ़ावा मिलेगा।
















