धनबाद: आगामी दुर्गा पूजा को भव्य एवं आकर्षक बनाने की तैयारियों के बीच न्यू स्टेशन रेलवे कॉलोनी स्थित श्री श्री दुर्गा पूजा समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह को समिति के सदस्यों द्वारा सम्मानित किया गया। नूतनडीह कोऑपरेटिव कॉलोनी स्थित उनके कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में उन्हें पगड़ी पहनाकर, अंगवस्त्र ओढ़ाकर तथा पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मान दिया गया।
सम्मान समारोह के बाद समिति की बैठक आयोजित हुई, जिसमें इस वर्ष दुर्गा पूजा को पहले से अधिक भव्य और व्यवस्थित ढंग से आयोजित करने को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। बैठक में पंडाल की आकर्षक थीम, आधुनिक लाइटिंग, सजावट, सुरक्षा व्यवस्था और श्रद्धालुओं की सुविधाओं सहित विभिन्न पहलुओं पर विचार-विमर्श किया गया।
समिति के अध्यक्ष उदय प्रताप सिंह ने कहा कि सभी सदस्यों के सहयोग से इस वर्ष भी श्रद्धालुओं के लिए आकर्षक और यादगार दुर्गा पूजा का आयोजन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि जल्द ही पंडाल की थीम और सजावट के प्रारूप को अंतिम रूप दिया जाएगा। साथ ही समिति का विस्तार करते हुए नए सदस्यों को जोड़ने पर भी सहमति बनी, ताकि आयोजन को और अधिक प्रभावी बनाया जा सके।
कार्यक्रम के दौरान समिति के महासचिव मुनेश्वर सिंह ‘मुन्ना’, कार्यकारी अध्यक्ष रत्नेश सिंह, संजीव पांडे ‘पिंटू’, वरीय उपाध्यक्ष मो. गुलाम मुरस्लिन ‘तम्मना’, सहायक सचिव भोला शर्मा, जूनियर सचिव अंशुमन कुमार सिंह, सह-कोषाध्यक्ष नितेश कुमार तथा भोग प्रभारी मधुकर सहित समिति के कई पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
















