धनबाद: मानसून की पहली अच्छी बारिश ने धनबाद शहर की जल निकासी व्यवस्था की पोल खोलकर रख दी। बारिश के बाद शहर के कई प्रमुख इलाकों में जलजमाव की स्थिति उत्पन्न हो गई, जिससे आम लोगों को आवागमन में भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई सड़कों पर पानी भर जाने से वाहनों की रफ्तार थम गई और जगह-जगह जाम की स्थिति बन गई।
धनबाद रेलवे स्टेशन के दक्षिणी छोर, लुबी सर्कुलर रोड, नगर निगम कार्यालय के समीप, धनबाद क्लब के सामने सहित कई प्रमुख मार्गों पर घंटों तक पानी जमा रहा। जलजमाव के कारण राहगीरों, दोपहिया वाहन चालकों और स्थानीय लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। स्थानीय नागरिकों का कहना है कि हर साल बारिश के मौसम में यही स्थिति देखने को मिलती है, लेकिन स्थायी समाधान की दिशा में अब तक प्रभावी कदम नहीं उठाए गए हैं।
स्थानीय लोगों का आरोप है कि समय पर नालियों की सफाई नहीं होने और ड्रेनेज सिस्टम के उचित रखरखाव के अभाव में बारिश का पानी सड़कों पर भर जाता है। उनका कहना है कि यदि मानसून से पहले नालों की सफाई और जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त किया जाए, तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
इस मुद्दे पर धनबाद विधायक राज सिन्हा ने कहा कि शहर में जल निकासी की समस्या वर्षों से बनी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि पूर्व मुख्यमंत्री रघुवर दास के कार्यकाल में धनबाद के विकास के लिए हजारों करोड़ रुपये स्वीकृत किए गए थे, लेकिन वर्तमान सरकार और नगर निगम की उदासीनता के कारण अपेक्षित विकास कार्य पूरे नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि इस विषय को कई बार विधानसभा में भी उठाया गया, लेकिन अब तक कोई ठोस समाधान नहीं निकला है।
वहीं समाजसेवी सुभाष रवानी ने कहा कि यह तो मानसून की शुरुआत है और पहली ही बारिश में शहर के प्रमुख इलाकों में जलजमाव हो गया। उन्होंने कहा कि यदि अभी यह स्थिति है, तो आने वाले दिनों में लगातार बारिश के दौरान हालात और गंभीर हो सकते हैं। उन्होंने नगर निगम और राज्य सरकार से जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने तथा इस समस्या के स्थायी समाधान के लिए प्रभावी और समयबद्ध कदम उठाने की मांग की।
















