रांची : झारखंड में कुछ दिनों की अपेक्षाकृत कमजोर मानसूनी गतिविधियों के बाद मौसम एक बार फिर करवट लेने वाला है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार 13 और 14 जुलाई को राज्य में मानसून दोबारा सक्रिय होगा, जिसके प्रभाव से रांची सहित पूरे झारखंड में व्यापक बारिश होने की संभावना है। मौसम विभाग ने विशेष रूप से संताल परगना और कोल्हान प्रमंडल के जिलों में भारी बारिश की चेतावनी जारी की है।
मौसम विभाग के अनुसार 9 से 12 जुलाई तक राज्य के अधिकांश हिस्सों में बादल छाए रहेंगे और कुछ स्थानों पर हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। इसके बाद 13 जुलाई से मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और लगभग पूरे राज्य में अच्छी बारिश दर्ज होने की संभावना है।
मौसम वैज्ञानिकों के अनुसार, वर्तमान में बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन और मानसून ट्रफ के झारखंड से होकर गुजरने के कारण राज्य में वर्षा की अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं। यही सिस्टम आने वाले दिनों में झारखंड में व्यापक बारिश का कारण बनेगा।
पिछले 24 घंटों के दौरान राज्य के अधिकांश जिलों में बादल छाए रहने से तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया। रांची का अधिकतम तापमान 26.3 डिग्री सेल्सियस रहा, जो सामान्य से लगभग 4 डिग्री कम है, जबकि बोकारो में सर्वाधिक 33.5 डिग्री सेल्सियस तापमान रिकॉर्ड किया गया।
इधर, रांची शहर को पेयजल उपलब्ध कराने वाले गेतलसूद डैम का जलस्तर भी हाल की बारिश के कारण बढ़ा है। पिछले छह दिनों में डैम का जलस्तर लगभग 3 फीट बढ़कर 1931.01 फीट पहुंच गया है, जिससे जलापूर्ति व्यवस्था को भी राहत मिलने की उम्मीद है।
मौसम विभाग ने लोगों से खराब मौसम के दौरान अनावश्यक यात्रा से बचने, जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने तथा बिजली गिरने और तेज हवाओं के दौरान सुरक्षित स्थानों पर रहने की अपील की है।
















