गोमिया/बोकारो : गोमो–बरकाकाना रेलखंड पर गुरुवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसे में 28 वर्षीय युवक की मौत हो गई। ट्रेन की चपेट में आने से युवक का शव क्षत-विक्षत अवस्था में रेलवे ट्रैक पर मिलने के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, जारंगडीह और बोकारो थर्मल रेलवे स्टेशन के बीच पोल संख्या 39/13-14 के पास स्थित कोणार साइडिंग, बड़वाबेड़ा इलाके में रेलवे ट्रैक पर युवक का शव बरामद किया गया। हादसे में युवक का दाहिना पैर कट गया था, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, मृतक ने काले रंग की पैंट तथा सफेद, काले और पीले रंग की टी-शर्ट पहन रखी थी। उसकी पहचान अब तक नहीं हो सकी है। हालांकि, युवक के दाहिने हाथ पर गोदना से “करण” नाम लिखा मिला है, जिसके आधार पर पुलिस उसकी शिनाख्त का प्रयास कर रही है।
घटना की सूचना मिलते ही बोकारो थर्मल थाना पुलिस और रेलवे सुरक्षा बल (RPF) की टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और आसपास के क्षेत्रों में युवक की पहचान के लिए जानकारी जुटाई जा रही है।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि प्रथम दृष्टया मामला ट्रेन की चपेट में आने से हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि, यह हादसा है, आत्महत्या है या इसके पीछे कोई अन्य कारण है, इसकी जांच सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर की जा रही है।
पुलिस ने आसपास के लोगों से भी अपील की है कि यदि कोई व्यक्ति मृतक की पहचान के संबंध में जानकारी रखता हो तो तत्काल पुलिस से संपर्क करे, ताकि शव की शिनाख्त कर परिजनों को सूचना दी जा सके।
















