निरसा: भारतीय उद्योग परिसंघ (CII) द्वारा पुणे में आयोजित 20वीं राष्ट्रीय प्रतियोगिता में मैथन पावर लिमिटेड (एमपीएल) ने शानदार प्रदर्शन करते हुए दो स्वर्ण (Gold) और एक प्लेटिनम (Platinum) अवार्ड अपने नाम कर राष्ट्रीय स्तर पर नई उपलब्धि हासिल की है। इस सफलता ने तकनीकी नवाचार और उत्कृष्ट कार्य संस्कृति के क्षेत्र में एमपीएल की पहचान को और मजबूत किया है।
प्रतियोगिता में एससीडब्ल्यू सिस्टम में ऑनलाइन डीओ एनालाइजर परियोजना के लिए एमपीएल को प्लेटिनम अवार्ड, जबकि स्मार्ट सूट ब्लोअर और मॉड्यूलर स्कर्ट बॉक्स परियोजनाओं के लिए दो स्वर्ण पुरस्कार प्रदान किए गए। यह सम्मान संस्थान की तकनीकी दक्षता, नवाचार और गुणवत्ता के प्रति निरंतर प्रतिबद्धता का प्रमाण माना जा रहा है।
पुरस्कार समारोह में एमपीएल की ओर से विकेश कुमार और मनीष कुमार ने स्वर्ण पुरस्कार, जबकि अरबी सिंह एवं उनकी टीम ने प्लेटिनम अवार्ड प्राप्त किया। पुरस्कार लेकर लौटने के बाद विजेता टीम ने यह सम्मान चीफ ओएंडएम सतीश प्रभु को सौंपा। उन्होंने टीम को बधाई देते हुए इसे संस्थान के लिए गर्व का क्षण बताया।
एमपीएल के सीईओ बासुदेव हांसदा ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि यह सफलता पूरी टीम की मेहनत, समर्पण और नवाचार की सोच का परिणाम है। उन्होंने कहा कि जब कार्य में गुणवत्ता, नई सोच और लक्ष्य के प्रति प्रतिबद्धता हो, तो बड़ी से बड़ी उपलब्धि हासिल की जा सकती है। उन्होंने भविष्य में भी उत्कृष्टता और तकनीकी नवाचार के नए मानक स्थापित करने का संकल्प दोहराया।
इस अवसर पर प्रवीण बी. राउत, कुंतल मित्रा, रंजीत कुमार, हवेली हलधर सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। वहीं एमपीएल के वरिष्ठ अधिकारियों डी.के. गंगवाल, दैतरी स्वैन, रणधीर कुमार, सुदीप दास, दुर्गेश शर्मा, चंद्रशेखर सिंह, अंशुमान चक्रवर्ती, रुपेश सिंह, रुपेश श्रीवास्तव, श्रीनिवास तिलारी, सुनील कुमार सिंह और अजय कुमार ने भी विजेता टीम को बधाई देते हुए इस उपलब्धि पर खुशी जताई।
















