धनबाद: कृषि उत्पादन बाजार समिति के दुकानदारों पर किराये का बोझ बढ़ने जा रहा है। नवंबर से दुकानों का किराया ₹4 से बढ़ाकर ₹9 प्रति वर्गफुट करने का निर्णय लिया गया है। झारखंड राज्य कृषि विपणन पर्षद बोर्ड की मंजूरी के बाद नई दर लागू होने से करीब 436 दुकानदार प्रभावित होंगे।
नई दर के अनुसार किराये में 125 प्रतिशत की बढ़ोतरी होगी। ऐसे में दुकान के आकार के हिसाब से व्यापारियों को पहले की तुलना में अधिक किराया देना पड़ेगा।
धनबाद बाजार समिति की स्थापना वर्ष 1984 में हुई थी। इससे पहले वर्ष 2007 में दुकानों का किराया बढ़ाकर ₹4 प्रति वर्गफुट किया गया था। उस समय व्यापारियों ने बढ़ोतरी का विरोध किया था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था।
करीब 19 साल बाद किराये में हुई इस बढ़ोतरी से व्यापारियों के खर्च बढ़ने की आशंका है। अब देखना होगा कि इसका कारोबार और ग्राहकों पर क्या असर पड़ता है।
















