महुदा: कैशरगढ़ा में बुधवार को भाकपा (माले) एवं बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के संयुक्त तत्वावधान में शहीद कॉमरेड लोकन साव का 53वां शहादत दिवस श्रद्धापूर्वक मनाया गया। इस अवसर पर उनकी शहीद समाधि पर लाल झंडा फहराया गया तथा पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई।
कार्यक्रम की शुरुआत शहीद लोकन साव के पुत्र टेकलाल साव एवं नाती चंदू साव द्वारा श्रद्धासुमन अर्पित करने के साथ हुई। इसके बाद भाकपा (माले) के पॉलिट ब्यूरो सदस्य हलधर महतो, राज्य कमेटी सदस्य शेख रहीम, बाघमारा प्रखंड सचिव राजेश कुमार महतो सहित कई नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने शहीद की समाधि पर पुष्प अर्पित किए।
सभा को संबोधित करते हुए वक्ताओं ने कॉमरेड लोकन साव के संघर्षपूर्ण जीवन, मजदूरों के अधिकारों के लिए उनके योगदान और सामाजिक न्याय के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को याद किया। उन्होंने कहा कि शहीदों के अधूरे सपनों को पूरा करने और उनके संघर्ष को आगे बढ़ाने का संकल्प ही उनके प्रति सच्ची श्रद्धांजलि है।
वक्ताओं ने बताया कि वर्ष 1973 में बिहार कोलियरी कामगार यूनियन के बैनर तले कॉमरेड ए.के. रॉय के नेतृत्व में कोयलांचल क्षेत्र में चल रहे आंदोलन के दौरान कॉमरेड लोकन साव की हत्या कर दी गई थी। तब से हर वर्ष उनके शहादत दिवस पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित कर उनके संघर्ष, विचारों और मजदूर हितों के प्रति समर्पण को याद किया जाता है।
















