धनबाद: जिले के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने विशेष नामांकन अभियान SETENG (Special Enrolment and Tracking for Engagement of Out of School Children) शुरू किया है। उपायुक्त सह झारखंड शिक्षा परियोजना के अध्यक्ष आदित्य रंजन के निर्देश पर यह अभियान 7 जुलाई से 7 सितंबर 2026 तक चलाया जाएगा।
अभियान के तहत होटल, ढाबा, रेलवे स्टेशन, बस स्टैंड, ईंट-भट्ठों, निर्माण स्थलों, बाजारों, झुग्गी-झोपड़ियों और अन्य संवेदनशील क्षेत्रों में स्कूल से बाहर रह रहे बच्चों की पहचान कर उनका विद्यालयों में नामांकन सुनिश्चित किया जाएगा।
जिला प्रशासन ने अभियान की प्रभावी निगरानी के लिए विभिन्न विभागों की संयुक्त टीम गठित की है। निर्देश दिए गए हैं कि चिन्हित बच्चों को आवश्यक प्रक्रिया पूरी कर बाल संरक्षण पदाधिकारी के माध्यम से स्कूलों में दाखिला दिलाया जाए। साथ ही जिन विद्यालयों में ड्रॉपआउट की संख्या अधिक है, वहां विशेष निगरानी रखी जाएगी।
प्रशासन का उद्देश्य प्राथमिक से लेकर उच्च विद्यालय स्तर तक हर पात्र बच्चे का नामांकन सुनिश्चित करना और किसी भी बच्चे को शिक्षा के अधिकार से वंचित न रहने देना है। अभियान के दौरान संबंधित विभागों के बीच समन्वय बनाकर नियमित समीक्षा भी की जाएगी।
















