धनबाद : बीसीसीएल के बरोरा एरिया-1 स्थित मुराईडीह कोलियरी में लोकल सेल के लिए डीओ (डिलीवरी ऑर्डर) जारी नहीं होने से असंगठित मजदूरों का आक्रोश शनिवार को खुलकर सामने आया। तीन महीने से डीओ ऑफर बंद रहने के विरोध में मजदूरों ने प्रदर्शन करते हुए कोलियरी का कामकाज प्रभावित कर दिया।
प्रदर्शनकारी मजदूरों का कहना है कि लोकल सेल के माध्यम से ट्रकों में कोयला लोडिंग ही उनकी आजीविका का प्रमुख साधन है। पिछले तीन महीनों से डीओ जारी नहीं होने के कारण सैकड़ों मजदूरों और उनके परिवारों के सामने रोज़गार और आर्थिक संकट की स्थिति उत्पन्न हो गई है।
मजदूरों ने कोलियरी परिसर में प्रदर्शन करते हुए बीसीसीएल प्रबंधन के खिलाफ नारेबाजी की। उनका आरोप है कि एक ओर रेलवे रैक के माध्यम से कोयले का परिवहन लगातार जारी है, जबकि दूसरी ओर लोकल सेल के लिए डीओ जारी नहीं किए जा रहे हैं, जिससे स्थानीय मजदूरों का रोजगार प्रभावित हो रहा है।
प्रदर्शनकारियों ने मांग की कि लोकल सेल के लिए डीओ ऑफर जल्द से जल्द शुरू किया जाए, ताकि मजदूरों को फिर से काम मिल सके। उन्होंने चेतावनी दी कि जब तक उनकी मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा और कोलियरी में कामकाज प्रभावित रहेगा।
फिलहाल इस मामले में बीसीसीएल प्रबंधन की ओर से कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई है।
















