धनबाद: राष्ट्रीय छात्र संगठन (NSUI) और जिला कांग्रेस कमेटी के संयुक्त तत्वावधान में बुधवार को धनबाद में “छात्रों की गूंज” कार्यक्रम के तहत विरोध-प्रदर्शन आयोजित किया गया। प्रदर्शन में छात्र, युवा कार्यकर्ता और कांग्रेस समर्थक शामिल हुए तथा परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही की मांग उठाई।
प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि प्रतियोगी परीक्षाओं में सामने आ रहे कथित अनियमितताओं और पेपर लीक की घटनाओं से छात्रों का भविष्य प्रभावित हो रहा है। उन्होंने कहा कि ऐसी घटनाओं से परीक्षा प्रणाली पर छात्रों का भरोसा कमजोर पड़ता है और निष्पक्ष जांच के साथ जिम्मेदार लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
प्रदर्शन के दौरान एनएसयूआई नेताओं ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग करते हुए कहा कि परीक्षा प्रक्रिया को अधिक पारदर्शी, विश्वसनीय और जवाबदेह बनाया जाए। वक्ताओं ने कहा कि यह आंदोलन छात्रों के हितों और निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग को लेकर आयोजित किया गया है तथा न्याय मिलने तक लोकतांत्रिक तरीके से आवाज उठाई जाती रहेगी।
कार्यक्रम में बोकारो विधायक श्वेता सिंह, जिला कांग्रेस अध्यक्ष संतोष सिंह, प्रदेश महासचिव अशोक सिंह, योगेंद्र सिंह, बीबीएमकेयू एनएसयूआई अध्यक्ष राज रंजन सिंह सहित विभिन्न छात्र संगठनों और कांग्रेस के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
















