बलियापुर/बोकारो: झारखंड इंटरमीडिएट कला संकाय की राज्य टॉपर छोटी कुमारी के उच्च शिक्षा और आईएएस बनने के सपने को नई मजबूती मिली है। आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से आने वाली इस मेधावी छात्रा की सहायता के लिए हरिओम सेवा संस्था, बलियापुर ने पहल करते हुए पांच महीने के मेस शुल्क के रूप में 10 हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की।
शुक्रवार को संस्था के पदाधिकारी बोकारो स्थित छोटी कुमारी के आवास पहुंचे और उन्हें सहायता राशि सौंपी। इस दौरान संस्था की ओर से आश्वासन दिया गया कि भविष्य में भी पढ़ाई के दौरान आवश्यकता पड़ने पर हरसंभव सहयोग किया जाएगा।
हरिओम सेवा संस्था के संस्थापक सदस्य एवं वरिष्ठ समाजसेवी विनोद सिंह ने कहा कि छोटी कुमारी ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से पूरे झारखंड का नाम रोशन किया है। उन्होंने कहा कि आर्थिक तंगी किसी भी होनहार छात्र-छात्रा के सपनों के बीच बाधा नहीं बननी चाहिए और समाज के सक्षम लोगों को ऐसी प्रतिभाओं की मदद के लिए आगे आना चाहिए।
सिंदरी विधायक प्रतिनिधि सह मीडिया प्रभारी शीतल दत्ता ने संस्था की पहल की सराहना करते हुए कहा कि छोटी कुमारी जैसी छात्राएं समाज के लिए प्रेरणास्रोत हैं। उन्होंने कहा कि “छात्र बढ़ेगा तो देश बढ़ेगा”, इसलिए शिक्षा के क्षेत्र में आर्थिक अभाव किसी भी प्रतिभा के भविष्य को प्रभावित नहीं करना चाहिए।
इस अवसर पर हरिओम सेवा संस्था के अध्यक्ष डॉ. स्वरूप चौधरी, रंजीत महतो, साजिद हुसैन, पत्रकार दीपक सवाल, छोटी कुमारी के पिता भवानी शंकर नायक सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे। सभी ने छोटी कुमारी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके आईएएस बनने के लक्ष्य में हरसंभव सहयोग का भरोसा दिलाया।
संस्था ने कहा कि सामाजिक और शैक्षणिक क्षेत्र में जरूरतमंद एवं प्रतिभाशाली विद्यार्थियों की सहायता का अभियान आगे भी जारी रहेगा, ताकि आर्थिक अभाव किसी भी छात्र के सपनों के आड़े न आए।
















