धनबाद: झारखंड विधानसभा के सचेतक एवं धनबाद विधायक राज सिन्हा ने शुक्रवार को जगजीवन नगर स्थित वरीय बुनियादी मध्य विद्यालय में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मतदाता सूची पुनरीक्षण कार्य में लगे अधिकारियों और कर्मियों से अभियान की प्रगति, उपलब्ध संसाधनों और व्यवस्थाओं की जानकारी ली।
निरीक्षण के दौरान विधायक ने कहा कि मतदाता सूची लोकतांत्रिक व्यवस्था की महत्वपूर्ण आधारशिला है। इसलिए पुनरीक्षण का कार्य पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता और समयबद्ध तरीके से किया जाना चाहिए, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची में शामिल होने से वंचित न रहे। उन्होंने नागरिकों से भी अपील की कि वे समय पर आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराकर इस अभियान में सहयोग करें।
इसके बाद विधायक राज सिन्हा एक भूमि विवाद से जुड़े मामले को लेकर धनबाद अनुमंडल कार्यालय पहुंचे और एसडीओ से मुलाकात कर संबंधित व्यक्ति की समस्या से अवगत कराया। उन्होंने मामले का निष्पक्ष, त्वरित और विधिसम्मत समाधान सुनिश्चित करने का आग्रह किया।
विधायक ने कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान कराना जनप्रतिनिधि की प्राथमिक जिम्मेदारी है। चाहे मामला मतदाता सूची से जुड़ा हो या भूमि विवाद का, हर नागरिक को न्याय दिलाने और उसकी परेशानी दूर करने के लिए वे लगातार प्रयासरत रहेंगे।
















