,

CEIR की मदद से धनबाद पुलिस की बड़ी सफलता, 505 मोबाइल असली मालिकों को सौंपे

JP Bharat Shareधनबाद: आम लोगों की खोई हुई अमानत को सुरक्षित वापस दिलाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक नई मिसाल कायम की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की पहल पर शुरू किए गए ‘मिशन अमानत’ अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन स्थित नव-निर्मित पुलिस सभागार में आयोजित समारोह में 505…

JP Bharat Share

धनबाद: आम लोगों की खोई हुई अमानत को सुरक्षित वापस दिलाने की दिशा में धनबाद पुलिस ने एक नई मिसाल कायम की है। वरीय पुलिस अधीक्षक (एसएसपी) प्रभात कुमार की पहल पर शुरू किए गए ‘मिशन अमानत’ अभियान के तहत शनिवार को पुलिस लाइन स्थित नव-निर्मित पुलिस सभागार में आयोजित समारोह में 505 लोगों को उनके गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन वापस सौंपे गए। इस अवसर पर कई ऐसे लोगों के चेहरे खुशी से खिल उठे, जिन्हें वर्षों बाद अपना खोया मोबाइल वापस मिला।

सीईआईआर (CEIR) पोर्टल के माध्यम से देश के विभिन्न राज्यों से बरामद किए गए मोबाइल फोन का वितरण उपायुक्त आदित्य रंजन, एसएसपी प्रभात कुमार, ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब, उप विकास आयुक्त सन्नी राज एवं डीएफओ विकास पालीवाल ने संयुक्त रूप से किया।

समारोह में कई ऐसे लोग भी शामिल हुए, जिनके मोबाइल कई वर्ष पहले गुम या चोरी हो गए थे। कुछ लोगों को तो करीब आठ वर्ष बाद अपना मोबाइल वापस मिला। मोबाइल प्राप्त करते ही लोगों ने धनबाद पुलिस का आभार जताया और इस पहल की जमकर सराहना की।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उपायुक्त आदित्य रंजन ने कहा कि वर्तमान समय में मोबाइल फोन केवल संचार का माध्यम नहीं, बल्कि लोगों के व्यक्तिगत और महत्वपूर्ण दस्तावेजों तथा डिजिटल जीवन का अभिन्न हिस्सा बन चुका है। ऐसे में गुम हुए मोबाइल को उसके वास्तविक मालिक तक पहुंचाना पुलिस की संवेदनशील कार्यशैली और तकनीक के प्रभावी उपयोग का उत्कृष्ट उदाहरण है। उन्होंने कहा कि धनबाद पुलिस कानून-व्यवस्था बनाए रखने के साथ-साथ जनसेवा के क्षेत्र में भी नई मिसाल स्थापित कर रही है।

एसएसपी प्रभात कुमार ने बताया कि ‘मिशन अमानत’ का उद्देश्य गुम अथवा चोरी हुए मोबाइल फोन को खोजकर उसके असली मालिक तक सुरक्षित पहुंचाना है। उन्होंने घोषणा की कि अब हर माह की 25 तारीख को इसी प्रकार का कार्यक्रम आयोजित कर बरामद मोबाइल उनके वास्तविक मालिकों को लौटाए जाएंगे। उन्होंने कहा कि यह अभियान नियमित रूप से जारी रहेगा ताकि अधिक से अधिक लोगों को उनकी खोई हुई अमानत वापस मिल सके।

एसएसपी ने लोगों से अपील की कि मोबाइल गुम होने या चोरी होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या नजदीकी थाना को इसकी सूचना दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल का दुरुपयोग रोका जा सकता है और उसकी बरामदगी की संभावना भी काफी बढ़ जाती है। उन्होंने कहा कि कई बार चोरी हुए मोबाइल का इस्तेमाल अपराधी विभिन्न आपराधिक गतिविधियों में करते हैं, इसलिए तत्काल सूचना देना बेहद आवश्यक है।

उन्होंने यह भी खुलासा किया कि मोबाइल बरामदगी अभियान के दौरान मोबाइल चोरी से जुड़े एक अंतरराष्ट्रीय गिरोह के संबंध में महत्वपूर्ण सुराग मिले हैं। इस नेटवर्क का पर्दाफाश करने के लिए पुलिस की विशेष टीम लगातार जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले का खुलासा कर आरोपियों को गिरफ्तार किया जाएगा।

ग्रामीण एसपी एस. मोहम्मद याकूब ने कहा कि इस तरह के अभियान पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास को मजबूत करने का काम करते हैं। उन्होंने कहा कि 505 मोबाइल की बरामदगी केवल लोगों की संपत्ति लौटाने तक सीमित नहीं है, बल्कि इससे मोबाइल के गलत हाथों में जाने और आपराधिक गतिविधियों में इस्तेमाल होने की आशंका भी समाप्त हुई है।

‘मिशन अमानत’ के पहले ही आयोजन ने 505 परिवारों की खुशियां लौटाने के साथ यह संदेश भी दिया कि आधुनिक तकनीक, प्रभावी पुलिसिंग और संवेदनशील प्रशासनिक दृष्टिकोण के समन्वय से वर्षों पुरानी खोई हुई अमानत भी उसके वास्तविक मालिक तक सुरक्षित पहुंचाई जा सकती है। धनबाद पुलिस की यह पहल अब नियमित अभियान के रूप में आगे भी जारी रहेगी।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports