, ,

सिंदरी के युवक की संदिग्ध मौत से परिवार सदमे में, 8 महीने के बच्चे की सुरक्षा की भी चिंता

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद जिले के सिंदरी निवासी युवक तूफान मिश्रा की जर्मनी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। रविवार को गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में मृतक के छोटे भाई आकाश मिश्रा और परिजनों ने घटना की जानकारी…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद जिले के सिंदरी निवासी युवक तूफान मिश्रा की जर्मनी में संदिग्ध परिस्थितियों में हुई मौत के बाद परिवार ने मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच की मांग उठाई है। रविवार को गांधी सेवा सदन में आयोजित प्रेसवार्ता में मृतक के छोटे भाई आकाश मिश्रा और परिजनों ने घटना की जानकारी देते हुए भारत सरकार, विदेश मंत्रालय और झारखंड सरकार से न्याय की गुहार लगाई।

परिजनों ने बताया कि तूफान मिश्रा पिछले लगभग 12 वर्षों से जर्मनी की एक निजी कंपनी में कार्यरत थे। करीब पांच वर्ष पूर्व उन्होंने ओडिशा निवासी शुभाषनीता मिश्रा से प्रेम विवाह किया था। दोनों जर्मनी में रहकर निजी कंपनियों में कार्यरत थे और उनका एक आठ महीने का बेटा भी है।

परिवार के अनुसार, 5 जुलाई 2026 को शाम के समय उन्हें सूचना मिली कि तूफान मिश्रा की तबीयत अचानक बिगड़ गई है और उन्हें अस्पताल ले जाया गया है। कुछ समय बाद अस्पताल से उनके निधन की खबर मिली। मृतक की पत्नी ने परिजनों को बताया कि सीढ़ियों से गिरने के कारण उनके सिर में गंभीर चोट लगी थी, जिससे ब्रेन हेमरेज हुआ और इलाज के दौरान उनकी मृत्यु हो गई।

हालांकि, परिजनों का कहना है कि पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। इसी कारण उन्हें मौत की परिस्थितियों पर संदेह है। उनका आरोप है कि अब तक उन्हें अस्पताल की विस्तृत मेडिकल रिपोर्ट उपलब्ध नहीं कराई गई है, जिससे कई सवाल खड़े हो रहे हैं। उन्होंने आशंका जताई कि मामले के कुछ महत्वपूर्ण तथ्यों को छिपाया जा रहा है।

परिजनों ने मांग की है कि तूफान मिश्रा के पार्थिव शरीर को जल्द से जल्द जर्मनी से भारत लाया जाए, ताकि उनका अंतिम संस्कार और श्राद्ध कर्म उनके पैतृक गांव सिंदरी (धनबाद) में किया जा सके। साथ ही उन्होंने मामले की निष्पक्ष एवं उच्च स्तरीय जांच कर वास्तविक कारणों का खुलासा करने की अपील की है।

परिवार ने यह भी मांग की है कि जर्मनी में रह रहे मृतक के आठ महीने के बेटे की सुरक्षा सुनिश्चित की जाए और आवश्यक मानवीय सहायता उपलब्ध कराई जाए। फिलहाल परिजनों ने विदेश मंत्रालय, जर्मनी प्रशासन और जिला प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग की है। प्रेसवार्ता में मृतक के पिता तपन मिश्रा, छोटे भाई आकाश मिश्रा तथा परिवार के अन्य सदस्य मौजूद रहे।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Latest News

View All

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports

You May Have Missed