धनबाद : मानव अधिकार फोरम की ओर से रविवार को धनबाद के बिनोद बिहारी महतो चौक स्थित एक निजी होटल में नवनियुक्त पदाधिकारियों के सम्मान सह प्रमाण पत्र वितरण समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए। समारोह की शुरुआत अतिथियों का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत एवं सम्मान के साथ हुई।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान ने कहा कि मानव अधिकार फोरम समाज के शोषित, पीड़ित एवं अधिकारों से वंचित लोगों की आवाज बनकर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि संगठन का उद्देश्य प्रत्येक व्यक्ति को उसके संवैधानिक और मानवीय अधिकार दिलाना है। उन्होंने लोगों से मानव अधिकार फोरम से जुड़कर समाज में न्याय, समानता और सम्मान की भावना को मजबूत करने की अपील की।
संगठन के प्रदेश अध्यक्ष सुदिस्ट कुमार ने कहा कि धनबाद जिले में संगठन का विस्तार तेजी से किया जा रहा है, ताकि अधिक से अधिक लोगों को मानव अधिकारों के प्रति जागरूक किया जा सके और जरूरतमंदों को कानूनी एवं सामाजिक सहयोग उपलब्ध कराया जा सके।
वहीं जिलाध्यक्ष संगीत सिंह ने बताया कि समारोह में संगठन के नवनियुक्त पदाधिकारियों एवं सदस्यों को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया गया। उन्होंने सभी से समाजहित, मानवाधिकारों की रक्षा और जरूरतमंदों की सेवा के लिए पूरी निष्ठा एवं समर्पण के साथ कार्य करने का आह्वान किया।
समारोह में राष्ट्रीय अध्यक्ष सैयद रहमान, प्रदेश अध्यक्ष सुदिस्ट कुमार, जिलाध्यक्ष संगीत सिंह, महिला प्रदेश अध्यक्ष गीता देवी, स्टेट चेयरमैन अभिषेक पॉल, प्रदेश महासचिव मुख्तार अहमद, प्रदेश उपाध्यक्ष सुनील कुमार चौधरी, प्रदेश संगठन सचिव समेंद्र कुमार सिंह, डिस्ट्रिक्ट चेयरमैन कमल किशोर शर्मा, महिला डिस्ट्रिक्ट वाइस प्रेसिडेंट गायत्री शर्मा, बोकारो महिला जिलाध्यक्ष बासमती देवी, धनबाद की महिला सदस्य पुनीता देवी, सुशीला देवी एवं पिंकी सहित बड़ी संख्या में संगठन के पदाधिकारी और सदस्य उपस्थित रहे। सभी ने नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए समाजहित में सक्रिय भूमिका निभाने की शुभकामनाएं दीं।
















