धनबाद: धनबाद जिले के पूर्वी टुंडी प्रखंड अंतर्गत लटानी पंचायत भवन स्थित ज्ञान केंद्र ग्रामीण बच्चों के लिए शिक्षा और डिजिटल सशक्तिकरण का नया केंद्र बनकर उभर रहा है। यहां स्कूली बच्चों को नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ-साथ लाइब्रेरी की सुविधा भी उपलब्ध कराई जा रही है, ताकि वे आधुनिक शिक्षा से जुड़कर अपने भविष्य को बेहतर बना सकें।
ज्ञान केंद्र में आसपास के विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्र-छात्राओं को कंप्यूटर की बुनियादी जानकारी से लेकर डिजिटल तकनीक का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इसका उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्र के बच्चों को भी तकनीकी शिक्षा से जोड़ना और उन्हें डिजिटल युग की चुनौतियों के लिए तैयार करना है।
कंप्यूटर प्रशिक्षण के साथ-साथ केंद्र की लाइब्रेरी में बच्चों के लिए विभिन्न विषयों की उपयोगी और प्रेरणादायक पुस्तकें उपलब्ध कराई गई हैं। इससे बच्चों में पढ़ने की रुचि विकसित हो रही है और उनके ज्ञान का दायरा भी बढ़ रहा है।
इस पहल को सफल बनाने के लिए पंचायत के जनप्रतिनिधि, पंचायत सहायक, पंचायत वीएलई और स्थानीय विद्यालयों के शिक्षक मिलकर बच्चों को नियमित रूप से मार्गदर्शन दे रहे हैं। कार्यक्रम के दौरान सभी ने बच्चों को मन लगाकर पढ़ाई करने और तकनीकी शिक्षा का अधिकतम लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया।
लटानी पंचायत के मुखिया ने बताया कि यह ज्ञान केंद्र केवल स्कूली बच्चों के लिए ही नहीं, बल्कि प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे युवाओं के लिए भी उपयोगी है। ऐसे युवा यहां आकर नि:शुल्क कंप्यूटर प्रशिक्षण और लाइब्रेरी की सुविधाओं का लाभ उठा सकते हैं।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में शिक्षा और तकनीक की पहुंच बढ़ाने के उद्देश्य से यह पहल शुरू की गई है, ताकि अधिक से अधिक बच्चे और युवा आधुनिक संसाधनों का उपयोग कर अपने भविष्य को नई दिशा दे सकें।
















