दुर्गापुर: पश्चिम बंगाल के दुर्गापुर स्थित सिटी सेंटर के एक निजी अस्पताल में इलाज के दौरान एक मरीज की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाया है। घटना के बाद अस्पताल परिसर में तनाव का माहौल बन गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मृतक की पहचान बेनाचिति निवासी राजकुमार मंडल के रूप में हुई है। परिजनों का आरोप है कि चिकित्सकों ने 23 जुलाई को ही मरीज को छुट्टी देने की सलाह दे दी थी, लेकिन हेल्थ इंश्योरेंस की प्रक्रिया पूरी नहीं होने का हवाला देकर अस्पताल ने उन्हें डिस्चार्ज नहीं किया।
परिवार का यह भी आरोप है कि मरीज के कमरे में फ्लेम/फॉगिंग स्प्रे किए जाने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। इसके बाद रविवार को इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
मृतक की बेटी कविता चटर्जी ने आरोप लगाया कि उनके पिता को अनावश्यक रूप से अस्पताल में भर्ती रखा गया और कमरे में स्प्रे किए जाने के बाद उनकी हालत गंभीर हो गई। उन्होंने पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है।
वहीं अस्पताल की डीजीएम ऑपरेशंस शिल्पा स्वर ने कहा कि अस्पताल प्रबंधन ने परिजनों से पोस्टमार्टम कराने का अनुरोध किया है। उनका कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का स्पष्ट पता चल सकेगा।
फिलहाल पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट, चिकित्सकीय दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। मामले की जांच जारी है।
















