इंस्टीट्यूट ऑफ चार्टर्ड अकाउंटेंट्स ऑफ इंडिया (ICAI) की धनबाद शाखा द्वारा विद्यार्थियों के लिए मूनिडीह माइंस का एक विशेष औद्योगिक भ्रमण आयोजित किया गया। इस भ्रमण का उद्देश्य छात्रों को थ्योरी के साथ-साथ प्रैक्टिकल नॉलेज से जोड़ना था, जिससे उन्हें इंडस्ट्री की वास्तविक कार्यप्रणाली को समझने का अवसर मिल सके।
यह औद्योगिक भ्रमण 25 जून 2026 को CICASA चेयरमैन सीए वीरेंद्र शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित किया गया, जिसमें सीए प्रफुल्ल और सीए अंकित ने अहम भूमिका निभाई। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने भाग लिया और पूरे उत्साह के साथ इस अनुभव को जाना।
भ्रमण के दौरान विद्यार्थियों को लगभग 500 मीटर गहराई तक भूमिगत खदान क्षेत्र में ले जाया गया। यहां उन्होंने करीब 4 किलोमीटर पैदल चलकर खनन प्रक्रिया, आधुनिक मशीनों, सुरक्षा व्यवस्था और वेंटिलेशन सिस्टम का बारीकी से अवलोकन किया।
इस प्रत्यक्ष अनुभव ने विद्यार्थियों को न केवल इंडस्ट्रियल ऑपरेशन की समझ दी, बल्कि जोखिम प्रबंधन और सुरक्षा मानकों के महत्व को भी करीब से जानने का मौका दिया। यह अनुभव उनके लिए काफी शिक्षाप्रद और प्रेरणादायक साबित हुआ।
कार्यक्रम के दौरान मूनिडीह माइंस के वरिष्ठ अधिकारियों—जनरल मैनेजर, प्रोजेक्ट ऑफिसर और असिस्टेंट फाइनेंस मैनेजर—को उनके सहयोग के लिए सम्मानित भी किया गया।
आईसीएआई धनबाद शाखा के चेयरमैन सीए मुकेश अग्रवाल, सेक्रेटरी सीए पंकज खरकिया समेत सभी समिति सदस्यों ने इस कार्यक्रम को सफल बनाने में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
कार्यक्रम के अंत में विद्यार्थियों ने इस ज्ञानवर्धक अनुभव के लिए ICAI धनबाद शाखा का आभार व्यक्त किया। यह पहल विद्यार्थियों के समग्र विकास और व्यावहारिक शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में एक अहम कदम मानी जा रही है।
















