धनबाद के सदर थाना क्षेत्र में एक बंद घर को निशाना बनाकर चोरों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया है। परिवार के शादी में बाहर रहने का फायदा उठाकर चोर लाखों नकद और करोड़ों के गहने लेकर फरार हो गए।
घटना ज्ञान हीरापुर हटिया मुखर्जी रोड की है, जहां गृहस्वामी विश्वजीत कुमार साव का घर कई दिनों से बंद था। परिवार 21 अप्रैल को मुंगेर गया हुआ था, इसी दौरान चोरों ने घर को निशाना बनाया।
शनिवार को जब परिवार वापस लौटा, तो घर का ताला टूटा मिला और अंदर का सारा सामान बिखरा पड़ा था। जांच करने पर पता चला कि चोर करीब 9.5 लाख रुपये नकद और सोने-चांदी के आभूषण लेकर फरार हो चुके हैं।
गृहस्वामी के अनुसार, चोरी गए सामान की कुल कीमत लगभग 2 करोड़ रुपये बताई जा रही है। उन्होंने मामले की लिखित शिकायत धनबाद थाना में दर्ज कराई है और पुलिस से जल्द कार्रवाई की मांग की है।
पीड़ित परिवार पहले से ही आर्थिक संकट से जूझ रहा है। वर्ष 2023 में उनकी दुकान में आग लगने से करीब 40 लाख रुपये का नुकसान हुआ था, जिसका कर्ज अभी तक चुकाया जा रहा है। ऐसे में इस बड़ी चोरी ने परिवार को और गहरे संकट में डाल दिया है।
पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। इलाके में लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाओं ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
ये भी पढ़ें:-आईसीएआई धनबाद शाखा का मूनिडीह माइंस इंडस्ट्रियल विजिट, विद्यार्थियों को मिला प्रैक्टिकल अनुभव
Follow the JP BHARAT LIVE channel on WhatsApp: https://whatsapp.com/channel/0029Vb7gTYlLtOj4hdQofo0E














