धनबाद, 20 अगस्त 2026: जिले में छोटे बच्चों का आधार नामांकन सुनिश्चित करने के लिए अब सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर विशेष आधार शिविर लगाए जाएंगे। उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन के निर्देश पर अभियान की तैयारियां शुरू कर दी गई हैं।
अभियान को लेकर जिला समाज कल्याण पदाधिकारी स्नेह कश्यप, जिला परियोजना पदाधिकारी यूआईडी सह ई-जिला प्रबंधक अमित कुमार सिंह और इंडिया पोस्ट के वरीय प्रबंधक प्रीतम कुमार ने बैठक कर आवश्यक तैयारियों पर चर्चा की।
अधिकारियों के अनुसार, अभियान का मुख्य उद्देश्य 0 से 5 वर्ष तक के बच्चों का शत-प्रतिशत आधार नामांकन सुनिश्चित करना है, ताकि बच्चों को सरकारी योजनाओं और पोषण सेवाओं का लाभ लेने में परेशानी न हो।
आधार बनवाने के लिए जरूरी दस्तावेज
बच्चे का आधार बनवाने के लिए जन्म प्रमाण पत्र और माता या पिता में से किसी एक का आधार कार्ड आवश्यक होगा। अभिभावकों से अपील की गई है कि शिविर में पहुंचते समय बच्चे का जन्म प्रमाण पत्र और अपना वैध पहचान पत्र जरूर साथ लेकर आएं।
5 साल से कम बच्चों का नहीं होगा बायोमेट्रिक
यूआईडी अधिकारियों ने बताया कि 0 से 5 वर्ष के बच्चों के आधार नामांकन के दौरान फोटो और मूल विवरण दर्ज किया जाएगा। इस उम्र के बच्चों के लिए फिंगरप्रिंट और आइरिस जैसे बायोमेट्रिक की आवश्यकता नहीं होगी।
शिविर के दौरान अभिभावक अपने मोबाइल नंबर को भी आधार में अपडेट करा सकेंगे।
80 आधार टैब से होगा डिजिटल पंजीकरण
अभियान को तेजी से पूरा करने के लिए इंडिया पोस्ट के सहयोग से 80 आधुनिक आधार टैब की व्यवस्था की गई है। इनके माध्यम से आंगनबाड़ी केंद्रों पर ही बच्चों का डिजिटल आधार नामांकन किया जाएगा।
प्रशासन के अनुसार, विशेष शिविरों की तारीखों की घोषणा एक सप्ताह के भीतर की जाएगी। अभिभावकों से अपील की गई है कि अपने क्षेत्र के आंगनबाड़ी केंद्र से शिविर की जानकारी लेकर समय पर बच्चों का आधार नामांकन जरूर कराएं।
















