,

पाथरडीह में वेल्डिंग मशीन बनी हादसे की वजह, तीन मजदूर अस्पताल में भर्ती

JP Bharat Share धनबाद/चासनाला: पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को वेल्डिंग के दौरान अचानक हुए धमाके से तीन मजदूर झुलस गए। हादसे में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया। जानकारी के अनुसार,…

JP Bharat Share

धनबाद/चासनाला: पाथरडीह कोल वाशरी में गुरुवार को वेल्डिंग के दौरान अचानक हुए धमाके से तीन मजदूर झुलस गए। हादसे में एक मजदूर की हालत गंभीर बताई जा रही है। घटना के बाद घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर किया गया।

जानकारी के अनुसार, पाथरडीह कोल वाशरी में सुबह की पाली में मजदूर काम कर रहे थे। इसी दौरान एक दरवाजे को बंद करने के लिए लोहे की रॉड की वेल्डिंग की जा रही थी। काम के दौरान अचानक वेल्डिंग मशीन में जोरदार धमाका हुआ। धमाके के बाद मौके पर आग की लपटें उठने लगीं और धुआं फैल गया।

हादसे में सुदामडीह रिवर साइड निवासी वेल्डर दिलीप यादव, पाथरडीह हाटतल्ला निवासी हेल्पर बद्री रवानी और डिगवाडीह निवासी अमर महतो झुलस गए। बताया जा रहा है कि दिलीप यादव की स्थिति गंभीर है।

धमाके की आवाज सुनकर आसपास काम कर रहे मजदूर मौके पर पहुंचे और घायलों को बाहर निकाला। इसके बाद तीनों को चासनाला सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद उनकी स्थिति को देखते हुए धनबाद एसएनएमएमसीएच रेफर कर दिया।

घटना की जानकारी मिलते ही पाथरडीह पुलिस भी मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जानकारी ली। हादसे के बाद कार्यस्थल की सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं।

सुरक्षा व्यवस्था पर उठे सवाल

घायल मजदूरों और श्रमिक संगठनों की ओर से कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों को लेकर सवाल उठाए गए हैं। आरोप लगाया गया कि दुर्घटना स्थल के आसपास पर्याप्त सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन उपकरण उपलब्ध नहीं थे। साथ ही, कार्य क्षेत्र में सामग्री रखे होने के कारण रास्ता भी संकरा होने की बात कही गई है।

श्रमिक प्रतिनिधियों ने प्रबंधन से घायल मजदूरों के बेहतर इलाज, पर्याप्त सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराने और कार्यस्थल पर सुरक्षा मानकों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने की मांग की है।

फिलहाल हादसे के वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। जांच के बाद ही यह स्पष्ट हो सकेगा कि वेल्डिंग मशीन में धमाका किस वजह से हुआ और सुरक्षा व्यवस्था में कहीं लापरवाही हुई थी या नहीं।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports