आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित सालानपुर थाना क्षेत्र के देंदुआ-कल्याणेश्वरी औद्योगिक क्षेत्र में सोमवार को स्थित एलोक्वेंट स्टील प्राइवेट लिमिटेड के फर्नेस नंबर-2 में भीषण विस्फोट हो गया। नाइट शिफ्ट के दौरान हुए इस हादसे से पूरे औद्योगिक क्षेत्र में दहशत फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, विस्फोट के दौरान लगातार चार तेज धमाकों की आवाज सुनाई दी, जिससे संयंत्र में काम कर रहे कर्मचारियों के बीच अफरा-तफरी मच गई। धमाकों के बाद फर्नेस से तेज गर्मी और लपटें निकलने लगीं, जिससे संयंत्र की संपत्ति को नुकसान पहुंचा।
राहत की बात यह रही कि इस घटना में किसी कर्मचारी के हताहत होने की सूचना नहीं है। समय रहते कर्मचारी सुरक्षित स्थानों पर पहुंच गए, जिससे बड़ा हादसा टल गया।
घटना के बाद श्रमिक संगठनों और कर्मचारियों ने कंपनी प्रबंधन पर सुरक्षा मानकों की अनदेखी का आरोप लगाया। उनका कहना है कि कई बार संवेदनशील उपकरणों की मरम्मत और सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने की मांग की गई थी, लेकिन उस पर पर्याप्त ध्यान नहीं दिया गया।
श्रमिक नेता अमरनाथ महतो ने आरोप लगाया कि उत्पादन और मुनाफे को प्राथमिकता देते हुए श्रमिकों की सुरक्षा से समझौता किया जा रहा है। उन्होंने आधुनिक सुरक्षा प्रणाली लागू करने और संयंत्र की नियमित तकनीकी जांच कराने की मांग की।
फिलहाल कंपनी प्रबंधन की ओर से घटना को लेकर कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है। हादसे के कारणों की जांच की जा रही है। घटना के बाद क्षेत्र के श्रमिकों में चिंता और आक्रोश का माहौल बना हुआ है।
















