आसनसोल: पश्चिम बंगाल के आसनसोल स्थित सालानपुर थाना क्षेत्र में उस समय सनसनी फैल गई, जब ईसीएल (Eastern Coalfields Limited) की बनजेमारी ओपन कास्ट प्रोजेक्ट (OCP) खदान से एक 28 वर्षीय युवती का सड़ा-गला शव बरामद हुआ। मृतका की पहचान शिवदासपुर निवासी पूर्णिमा बाउरी के रूप में हुई है, जो पिछले एक सप्ताह से लापता थीं।
जानकारी के अनुसार, पूर्णिमा बाउरी पिछले रविवार को घर से निकली थीं, लेकिन देर शाम तक वापस नहीं लौटीं। परिजनों ने काफी तलाश के बाद सालानपुर थाने में गुमशुदगी की शिकायत दर्ज कराई थी। पुलिस भी उनकी तलाश में जुटी थी।
रविवार सुबह स्थानीय लोगों की नजर खदान के भीतर पत्थरों के बीच पड़े एक शव पर पड़ी। सूचना मिलते ही आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और कपड़ों के आधार पर शव की पहचान पूर्णिमा बाउरी के रूप में की गई। इसके बाद सालानपुर थाना पुलिस को सूचना दी गई।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए आसनसोल जिला अस्पताल भेज दिया। शव की स्थिति काफी खराब होने के कारण मौत के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका।
घटना के बाद पूरे इलाके में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। फिलहाल यह स्पष्ट नहीं है कि युवती की मौत दुर्घटना के कारण हुई या इसके पीछे कोई आपराधिक साजिश है।
पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच जारी है।
















