झरिया: झरिया बिहार बिल्डिंग स्थित विधायक कार्यालय में सोमवार को विशेष गहन पुनरीक्षण (Special Intensive Revision–SIR) अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता झरिया विधायक रागिनी सिंह ने की, जिसमें मंडल अध्यक्षों, संगठन पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने भाग लिया। बैठक का उद्देश्य SIR अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित करना और प्रत्येक पात्र मतदाता तक इसकी पहुंच सुनिश्चित करना था।
बैठक में अभियान की रणनीति पर विस्तार से चर्चा की गई और कार्यकर्ताओं को क्षेत्रवार जिम्मेदारियां सौंपी गईं। विधायक ने सभी पदाधिकारियों से अपने-अपने क्षेत्रों में सक्रिय रहकर बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) के साथ समन्वय स्थापित करने तथा पात्र नागरिकों को SIR फॉर्म भरने में हरसंभव सहायता प्रदान करने का निर्देश दिया।
रागिनी सिंह ने कहा कि लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक पात्र नागरिक का मतदाता सूची में नाम दर्ज होना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि किसी भी व्यक्ति को जानकारी के अभाव या तकनीकी कारणों से मतदाता सूची से वंचित नहीं रहना चाहिए।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से घर-घर जाकर लोगों को जागरूक करने, फॉर्म भरने में सहयोग देने और यदि किसी प्रकार की समस्या उत्पन्न होती है तो उसका समाधान स्थानीय प्रशासन, संबंधित अंचल अधिकारी (CO), जिला प्रशासन तथा विधायक कार्यालय के समन्वय से कराने का आग्रह किया।
बैठक में संगठन के कार्यकर्ताओं ने भी अभियान को जन-जन तक पहुंचाने और प्रत्येक पात्र मतदाता की सहायता करने का संकल्प लिया। उन्होंने भरोसा दिलाया कि अपने-अपने क्षेत्रों में अभियान को प्रभावी ढंग से संचालित कर अधिक से अधिक लोगों तक पहुंचेंगे।
बैठक में उमेश यादव, के.डी. पांडेय, अभिषेक पांडेय, स्वरूप भट्टाचार्य, संतोष शर्मा सहित संगठन के कई मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
बैठक के अंत में विधायक रागिनी सिंह ने विश्वास जताया कि संगठन के कार्यकर्ताओं की सक्रिय भागीदारी, प्रशासन के सहयोग और जनसहभागिता से विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR) अभियान सफल होगा और कोई भी पात्र नागरिक अपने मताधिकार से वंचित नहीं रहेगा।
















