धनबाद: अखिल भारतीय अनुसूचित जाति, जनजाति एवं पिछड़ा वर्ग संयुक्त मोर्चा, झारखंड इकाई के नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव का मंगलवार को धनबाद के एल.सी. रोड स्थित एक होटल के सभागार में भव्य अभिनंदन समारोह आयोजित कर स्वागत किया गया। कार्यक्रम में मोर्चा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, अधिवक्ताओं, सामाजिक कार्यकर्ताओं और विभिन्न वर्गों के लोगों ने बड़ी संख्या में भाग लिया।
समारोह को संबोधित करते हुए नवनियुक्त प्रदेश अध्यक्ष गोपाल यादव ने संगठन के शीर्ष नेतृत्व का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्हें झारखंड के अधिवक्ताओं, डॉक्टरों, शिक्षित युवाओं, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग और अल्पसंख्यक समुदाय का भरपूर समर्थन एवं स्नेह मिला है। उन्होंने कहा कि सभी के सहयोग से संगठन को राज्य के प्रत्येक जिले और प्रखंड तक मजबूत करने का कार्य किया जाएगा।
गोपाल यादव ने कहा कि समाज के कमजोर और वंचित वर्गों के अधिकारों की रक्षा के लिए संगठन हमेशा संघर्ष करता रहेगा। यदि किसी भी वर्ग के लोगों का शोषण या उत्पीड़न किया जाता है तो संयुक्त मोर्चा उसका लोकतांत्रिक तरीके से मजबूती से विरोध करेगा और न्याय दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास करेगा।
उन्होंने हाल ही में बस्ताकोला निवासी उमेश यादव की हत्या का उल्लेख करते हुए कहा कि पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने, दोषियों की गिरफ्तारी और उचित मुआवजे की मांग को लेकर संगठन ने सक्रिय भूमिका निभाई है। इसके अलावा उन्होंने शिक्षा क्षेत्र में आरक्षण व्यवस्था के बावजूद कथित अनियमितताओं और फर्जीवाड़े के मुद्दों को भी प्रमुखता से उठाने की बात कही।
प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि संगठन का लक्ष्य समाज के युवाओं को सकारात्मक दिशा देना और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने कहा कि भटके हुए युवाओं को शिक्षा, रोजगार और सामाजिक जागरूकता के माध्यम से आगे बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाए जाएंगे।
कार्यक्रम में संगठन के राष्ट्रीय चेयरमैन डॉ. ओम सुधा, राष्ट्रीय सचिव महेश यादव, प्रदेश महासचिव छोटन प्रसाद राम, धनबाद महिला जिलाध्यक्ष ललिता देवी, सचिव रजनी देवी, धनबाद जिलाध्यक्ष अशोक चंद्रवंशी, प्रदेश सचिव जय प्रकाश यादव, प्रदेश प्रवक्ता मुमताज कुरेशी, प्रदेश संरक्षक प्रो. बी.एन. राय, गणपत महतो, पारस यादव, अधिवक्ता राकेश यादव, अधिवक्ता विरेंद्र रजक, डॉ. दिलीप कुमार एवं कामता प्रसाद सहित कई गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान अतिथियों एवं पदाधिकारियों को पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र भेंट कर सम्मानित किया गया। वक्ताओं ने संगठन की मजबूती और सामाजिक न्याय के लिए एकजुट होकर कार्य करने का संकल्प भी दोहराया।
















