,

DhanbadNews:बैंक मोड़ में खुलेआम फेंकी गई एक्सपायरी दवाइयां, बदबू और स्वास्थ्य खतरे से परेशान लोग

JP Bharat Shareधनबाद: धनबाद के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बैंक मोड़ में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयों को खुलेआम फेंके जाने का मामला सामने आया है। रे टॉकीज की गली में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से पड़ी इन दवाइयों से उठ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का…

JP Bharat Share

धनबाद: धनबाद के व्यस्ततम व्यावसायिक क्षेत्र बैंक मोड़ में बड़ी मात्रा में एक्सपायरी दवाइयों को खुलेआम फेंके जाने का मामला सामने आया है। रे टॉकीज की गली में सड़क किनारे बेतरतीब तरीके से पड़ी इन दवाइयों से उठ रही दुर्गंध के कारण स्थानीय दुकानदारों, राहगीरों और आसपास के लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले तीन दिनों से दवाइयों का यह ढेर उसी स्थान पर पड़ा हुआ है। कई दवाओं की शीशियां टूट चुकी हैं, जिनसे निकल रही तेज बदबू के कारण आसपास का वातावरण दूषित हो गया है। लोगों का कहना है कि गली से गुजरना और दुकानों के सामने बैठना तक मुश्किल हो गया है।

सबसे हैरानी की बात यह है कि जिस स्थान पर एक्सपायरी दवाइयां फेंकी गई हैं, वहां से कुछ ही दूरी पर बड़ी संख्या में मेडिकल स्टोर संचालित होते हैं। इसके बावजूद दवाओं के सुरक्षित निपटान से जुड़े नियमों की अनदेखी किए जाने पर सवाल खड़े हो रहे हैं।

स्थानीय दुकानदारों ने बताया कि उन्हें इस बात की जानकारी नहीं है कि दवाइयां किसने और कब फेंकीं। वहीं नगर निगम की ओर से भी अब तक इन दवाइयों को हटाने की कोई कार्रवाई नहीं की गई है, जिससे लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।

स्वास्थ्य विशेषज्ञों का मानना है कि एक्सपायरी दवाइयों को खुले में फेंकना बेहद खतरनाक हो सकता है। इससे पर्यावरण प्रदूषण के साथ-साथ जनस्वास्थ्य पर भी गंभीर प्रभाव पड़ सकता है। विशेष रूप से बच्चों, पशुओं और असामाजिक तत्वों द्वारा इन दवाओं के दुरुपयोग की आशंका बनी रहती है। नियमों के अनुसार ऐसी दवाइयों का वैज्ञानिक और सुरक्षित तरीके से निपटान किया जाना आवश्यक है।

घटना को लेकर स्थानीय लोगों ने जिला प्रशासन, नगर निगम और सिविल सर्जन से तत्काल हस्तक्षेप की मांग की है। लोगों ने दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने तथा फेंकी गई दवाइयों को जल्द से जल्द हटाने की मांग उठाई है।


JP Bharat Share

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

About the Author

Search the Archives

Access over the years of investigative journalism and breaking reports