चंदनकियारी: अमलाबाद ओपी पुलिस ने संवेदनशीलता और तत्परता दिखाते हुए परिवार से बिछड़ी एक महिला को उसके परिजनों से सुरक्षित मिलाया। बिहार के अररिया जिले के पलासी थाना क्षेत्र के बारहट निवासी हेना, पति मो. सुलेमान, भटकते हुए अमलाबाद ओपी क्षेत्र पहुंच गई थीं।
जानकारी के अनुसार, महिला करीब दो दिनों से अपने परिवार से दूर थीं। 24 अगस्त को पुलिसकर्मियों की नजर उन पर पड़ी। इसके बाद पुलिस ने महिला को सुरक्षित अपने संरक्षण में लिया और बातचीत के माध्यम से उनके घर-परिवार की जानकारी जुटाने का प्रयास शुरू किया।
महिला से मिली जानकारी के आधार पर अमलाबाद पुलिस ने बिहार के पलासी थाना और उनके परिजनों से संपर्क किया। महिला के सुरक्षित होने की जानकारी मिलते ही परिवार की चिंता दूर हुई।
इसके बाद बुधवार, 26 अगस्त को महिला के परिजन अमलाबाद ओपी पहुंचे। आवश्यक कानूनी एवं कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद पुलिस ने हेना को उनके परिवार के सुपुर्द कर दिया।
परिवार से मिलते ही भावुक माहौल बन गया। परिजनों ने अमलाबाद ओपी पुलिस की त्वरित और मानवीय पहल के लिए आभार जताया।
पुलिस की इस कार्रवाई से न केवल बिछड़ी महिला अपने परिवार तक पहुंच सकीं, बल्कि लंबे समय से परेशान परिजनों को भी राहत मिली। अमलाबाद पुलिस की इस पहल की स्थानीय स्तर पर सराहना की जा रही है।
















