धनबाद: अंतरराष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर पर्जन्य बी.एड. कॉलेज, बलियापुर में युवा प्रतिभा सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य शिक्षा, खेल, कला, रचनात्मक गतिविधियों और कंटेंट क्रिएशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय प्रदर्शन कर रहे युवाओं को मंच और सम्मान देकर उनका उत्साह बढ़ाना रहा।
कार्यक्रम की आयोजक डॉ. निशि महतो रहीं। समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में भाजपा नेत्री तारा देवी मौजूद रहीं। विशिष्ट अतिथियों में कॉलेज के अध्यक्ष जितेंद्र कुमार सिंह, अधिवक्ता राहुल महतो, डॉ. संजय कुमार, गिरधारी लाल अग्रवाल, पंकज त्रिपाठी एवं कॉलेज के प्राचार्य संजल बनर्जी सहित अन्य गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
समारोह के दौरान शिक्षा, खेल, कला, आर्टिस्टिक गतिविधियों एवं कंटेंट क्रिएशन के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवा प्रतिभागियों को सम्मानित किया गया। सम्मान प्राप्त करने के बाद युवाओं में उत्साह और खुशी देखने को मिली।
युवा देश की वर्तमान ताकत : तारा देवी
मुख्य अतिथि तारा देवी ने कहा कि युवा केवल देश का भविष्य ही नहीं, बल्कि वर्तमान की सबसे बड़ी ताकत हैं। आज के युवा शिक्षा, खेल, कला, तकनीक और डिजिटल क्रिएशन सहित विभिन्न क्षेत्रों में अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रतिभा किसी परिचय की मोहताज नहीं होती, लेकिन उसे सही दिशा और उचित मंच मिलना जरूरी है। ऐसे आयोजन युवाओं का आत्मविश्वास बढ़ाने के साथ उन्हें आगे बढ़ने की प्रेरणा देते हैं। उन्होंने सम्मानित युवाओं को शुभकामनाएं देते हुए अपनी प्रतिभा का उपयोग समाज और देश के विकास में करने की अपील की।
प्रतिभाओं को मंच देना उद्देश्य : डॉ. निशि महतो
आयोजक डॉ. निशि महतो ने कहा कि हर युवा के भीतर कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उस प्रतिभा को पहचानने, सही दिशा देने और उसे निखारने की। युवा प्रतिभा सम्मान समारोह के माध्यम से अलग-अलग क्षेत्रों में बेहतर कार्य कर रहे युवाओं को एक मंच उपलब्ध कराने का प्रयास किया गया है।
उन्होंने कहा कि सम्मान केवल प्रमाणपत्र या पुरस्कार तक सीमित नहीं है, बल्कि यह युवाओं के लिए आगे बढ़ने की नई ऊर्जा और जिम्मेदारी भी है। उन्होंने बताया कि आने वाले समय में भी युवाओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने के लिए इस तरह के कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, ताकि क्षेत्र के युवा अपनी प्रतिभा को बड़े मंच तक पहुंचा सकें।
कार्यक्रम के दौरान युवाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। सम्मानित प्रतिभागियों ने समारोह को अपने लिए प्रेरणादायक अवसर बताते हुए भविष्य में और बेहतर प्रदर्शन करने का संकल्प लिया।
















