आसनसोल : रविवार सुबह कुल्टी थाना क्षेत्र के चौरंगी फाड़ी अंतर्गत 19 नंबर राष्ट्रीय राजमार्ग के चौरंगी मोड़ के पास एक भीषण सड़क हादसा हुआ। गुवाहाटी से आसनसोल की ओर जा रही केले से लदी लॉरी अनियंत्रित होकर सर्विस रोड पर खड़ी दूसरी लॉरी से जा टकराई।
टक्कर इतनी जोरदार थी कि केले से लदी लॉरी का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। हादसे में चालक और खलासी गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर के बाद खलासी लॉरी के केबिन में फंस गया।
घटना की सूचना मिलते ही चौरंगी फाड़ी पुलिस और राष्ट्रीय राजमार्ग की पेट्रोलिंग टीम मौके पर पहुंची। कड़ी मशक्कत के बाद दोनों घायलों को बाहर निकालकर एंबुलेंस से आसनसोल जिला अस्पताल भेजा गया।
वहीं, टक्कर के कारण दूसरी लॉरी सड़क से नीचे उतर गई। उसके चालक को मामूली चोटें आईं और वह सुरक्षित बताया जा रहा है। बाद में क्रेन की मदद से दोनों लॉरियों को हटाया गया, जिसके बाद यातायात सामान्य हुआ।
लॉरी अनियंत्रित होने की वजह फिलहाल स्पष्ट नहीं है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।
















