धनबाद: बारामुड़ी खटाल में जिला प्रशासन की ओर से जारी नोटिस और नापी की कार्रवाई को लेकर कांग्रेस नेत्री अनुपमा सिंह ने आपत्ति जताई है। उन्होंने प्रशासन से प्रभावित परिवारों को बेघर नहीं करने और मामले का समाधान मानवीय दृष्टिकोण से निकालने की मांग की।
अनुपमा सिंह के अनुसार, वर्ष 2005 में तत्कालीन कांग्रेस सांसद की पहल पर बेकारबांध से विस्थापित परिवारों को बारामुड़ी में बसाया गया था। उन्होंने कहा कि वर्षों से यहां रह रहे परिवारों को अचानक बेदखली का डर पैदा करना उचित नहीं है।
उन्होंने यह भी कहा कि किसी एक व्यक्ति की कथित आपराधिक गतिविधियों के लिए पूरे क्षेत्र के परिवारों को जिम्मेदार नहीं ठहराया जाना चाहिए। मवेशियों को खुले में छोड़ने जैसी समस्याओं का समाधान भी नियमानुसार कार्रवाई के जरिए किया जा सकता है।
अनुपमा सिंह ने बताया कि वह फिलहाल राज्य से बाहर हैं। लौटने के बाद वह क्षेत्र का दौरा करेंगी और उपायुक्त से बातचीत करेंगी। उन्होंने प्रभावित परिवारों के अधिकारों की रक्षा के लिए कांग्रेस के समर्थन की बात कही।
















