दिल्ली/कोडरमा: दिल्ली के कृष्णा नगर स्थित एक सरकारी स्कूल में 12वीं कक्षा की 18 वर्षीय छात्रा की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। छात्रा मूल रूप से झारखंड के कोडरमा जिले की रहने वाली थी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार, शाहदरा जिले के राजकीय सर्वोदय स्कूल में छठे पीरियड के बाद छात्रा कक्षा से बाहर निकली थी। कुछ समय बाद वह स्कूल परिसर में अचेत अवस्था में मिली। स्कूल प्रबंधन की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची। जांच के दौरान छात्रा के पास से एक नोट मिलने की बात भी सामने आई है।
पुलिस मामले से जुड़े सभी पहलुओं की जांच कर रही है। शुरुआती स्तर पर पढ़ाई के दबाव और पारिवारिक अपेक्षाओं से जुड़े पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है। मौत के कारणों की आधिकारिक पुष्टि जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही हो सकेगी।
इस घटना से छात्रा के परिवार और स्कूल में शोक का माहौल है। मानसिक दबाव से जूझ रहे लोगों के लिए समय पर मदद लेना महत्वपूर्ण है। भारत में टेली-मानस हेल्पलाइन 14416 पर मानसिक स्वास्थ्य संबंधी सहायता ली जा सकती है।
















