धनबाद: बड्स गार्डेन स्कूल, दलूडिह, राजगंज में आयोजित सीबीएसई क्लस्टर-3 कबड्डी प्रतियोगिता के दूसरे दिन बुधवार को विभिन्न आयु वर्गों में खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। प्रतियोगिता में झारखंड और बिहार के सीबीएसई स्कूलों की करीब 136 टीमें और लगभग 1,400 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं।
अलग-अलग आयु वर्ग में हुए रोमांचक मुकाबले
14 वर्ष आयु वर्ग में डीवाई पाटिल धनबाद स्कूल ने स्वामी विवेकानंद स्कूल, रांची को हराकर अगले चक्र में जगह बनाई। वहीं जीएम पब्लिक स्कूल, गोमो ने स्वामी विवेकानंद स्कूल, रांची तथा क्रिसेंट पब्लिक स्कूल, बोकारो ने रेडिएंट पब्लिक स्कूल की टीम को पराजित किया।
19 वर्ष आयु वर्ग में फाउंडेशन स्कूल, बक्सर ने गुरुनानक पब्लिक स्कूल को हराया। संत नंदलाल स्मृति विद्या मंदिर, घाटशिला ने रेडिएंट स्कूल, पटना को शिकस्त दी। वहीं मेजबान बड्स गार्डेन स्कूल, राजगंज ने त्रिभुवन स्कूल, खगौल (बिहार) को 40-11 के बड़े अंतर से हराकर शानदार जीत दर्ज की।
17 वर्ष आयु वर्ग में डीबीएमएस, कोडरमा ने दून ग्लोबल, पटना को, आरकेवीएम, देवघर ने ज्ञान ज्योति, आरा को तथा डंकन अकादमी, रक्सौल ने महेश एकेडमी की टीम को हराकर अगले चक्र में प्रवेश किया।
खिलाड़ियों के उत्साह से खेलमय हुआ स्कूल परिसर
प्रतियोगिता के मुकाबले देखने के लिए बड़ी संख्या में दर्शक पहुंच रहे हैं। रोमांचक मुकाबलों और खिलाड़ियों के उत्साह से बड्स गार्डेन स्कूल परिसर में खेलमय माहौल बना हुआ है।
सीबीएसई नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित यह प्रतियोगिता 11 अगस्त से शुरू होकर 15 अगस्त तक चलेगी। प्रतियोगिता में शामिल खिलाड़ियों के लिए स्कूल परिसर में आवासीय व्यवस्था की गई है। आयोजन को सफल बनाने के लिए विद्यालय परिवार के सदस्य, शिक्षक एवं वॉलंटियर्स पूरी तत्परता से जुटे हुए हैं।
प्रतियोगिता के समापन समारोह में धनबाद के उपायुक्त मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगे।
















