धनबाद : जदयू धनबाद जिलाध्यक्ष एवं जेडआरयूसीसी सदस्य पिंटू कुमार सिंह ने शनिवार को बीसीसीएल मुख्यालय कोयला भवन में बीसीसीएल के अध्यक्ष-सह-प्रबंध निदेशक (सीएमडी) मनोज कुमार अग्रवाल से शिष्टाचार मुलाकात की। इस दौरान उन्होंने बीसीसीएल द्वारा कोयला क्षेत्र के विकास और जनहित से जुड़े कार्यों के लिए आभार व्यक्त करते हुए सीएमडी को पुष्पगुच्छ भेंट कर सम्मानित किया।
मुलाकात के दौरान पिंटू कुमार सिंह ने झरिया मास्टर प्लान की प्रगति, कोयला क्षेत्रों में रहने वाले लोगों की मूलभूत सुविधाओं तथा क्षेत्र के समग्र विकास से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की। उन्होंने प्रभावित क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं को और मजबूत बनाने तथा जनकल्याणकारी योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन पर भी जोर दिया।
बैठक में कोयला खदानों की सुरक्षा व्यवस्था, अवैध खनन पर प्रभावी रोकथाम और संबंधित क्षेत्रों में सतत निगरानी जैसे विषयों पर भी विचार-विमर्श किया गया। दोनों पक्षों ने सुरक्षित खनन, पर्यावरण संरक्षण और स्थानीय लोगों के हितों को ध्यान में रखते हुए समन्वित प्रयासों की आवश्यकता पर बल दिया।
पिंटू कुमार सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि बीसीसीएल के नेतृत्व में क्षेत्र के विकास कार्यों को और गति मिलेगी तथा झरिया और धनबाद के कोयला क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में सकारात्मक पहल जारी रहेगी। वहीं, बीसीसीएल प्रबंधन ने भी जनहित से जुड़े विषयों पर आवश्यक सहयोग और समन्वय बनाए रखने की बात कही।
















