धनबाद : प्रधानमंत्री के सलाहकार तरुण कपूर ने अपने धनबाद दौरे के दूसरे दिन बेलगड़िया टाउनशिप का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने स्वास्थ्य, शिक्षा और कौशल विकास से जुड़ी कई परियोजनाओं का उद्घाटन किया और स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं एवं सुझाव सुने।
दौरे के दौरान उप स्वास्थ्य केंद्र परिसर में नए आयुष्मान आरोग्य मंदिर का उद्घाटन किया गया। इसके अलावा नया प्राथमिक विद्यालय, बोका पहाड़ी स्थित मॉडल आंगनबाड़ी सह प्री-नर्सरी स्कूल और स्किल डेवलपमेंट एंड प्रोडक्शन सेंटर में प्रशिक्षण केंद्र की शुरुआत की गई।
तरुण कपूर ने आरएसपी कॉलेज में निःशुल्क कोचिंग सेंटर का भी उद्घाटन किया और विद्यार्थियों को अध्ययन सामग्री वितरित की। जनसंवाद के दौरान स्थानीय लोगों ने सड़क, बिजली, पानी, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़े मुद्दे अधिकारियों के सामने रखे।
तरुण कपूर ने कहा कि बेलगड़िया टाउनशिप को धनबाद की बेहतर कॉलोनियों में विकसित करने पर सरकार का विशेष ध्यान है। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और पेयजल सुविधाओं को मजबूत करने के साथ रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में भी काम किया जा रहा है।
स्थानीय स्तर पर रोजगार को बढ़ावा देने के लिए टेक्सटाइल यूनिट स्थापित करने की योजना की जानकारी दी गई। महिलाओं के लिए एडवांस टेलरिंग प्रशिक्षण शुरू करने के साथ भविष्य में मैन-मेड फाइबर और टेक्निकल टेक्सटाइल से जुड़े उद्योगों की संभावनाओं पर भी चर्चा हुई।
उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने कहा कि संशोधित झरिया मास्टर प्लान के तहत बेलगड़िया के लोगों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। जनसंवाद में प्राप्त सुझावों पर आवश्यक कार्रवाई का भी आश्वासन दिया गया।
कार्यक्रम में वरीय पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार, कोल इंडिया के चेयरमैन बी. साईराम, BCCL के सीएमडी मनोज कुमार अग्रवाल समेत कई अधिकारी और बड़ी संख्या में स्थानीय लोग मौजूद रहे।
















