धनबाद: भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) के झारखंड प्रदेश अध्यक्ष के रूप में दोबारा जिम्मेदारी मिलने के बाद शशांक राज बुधवार को धनबाद पहुंचे। भाजपा जिला कार्यालय में पार्टी कार्यकर्ताओं ने उनका स्वागत एवं अभिनंदन किया।
भाजयुमो महानगर जिला अध्यक्ष नित्यानंद मंडल ने अंगवस्त्र और पुष्पगुच्छ भेंट कर शशांक राज को सम्मानित किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से संगठन को मजबूत बनाने और केंद्र सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने की अपील की।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्रवण राय ने कहा कि शशांक राज के नेतृत्व में झारखंड के युवाओं को संगठन से जुड़ने की नई प्रेरणा मिलेगी। वहीं, नित्यानंद मंडल और ग्रामीण जिला अध्यक्ष मनीष साव ने भी संगठन को मजबूत बनाने की प्रतिबद्धता जताई।
कार्यक्रम में प्रदेश कार्यसमिति सदस्य तारा देवी, जिला महामंत्री मानस प्रसून, रूपेश सिन्हा सहित कई पदाधिकारी और सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।
















