रांची: 9 अक्टूबर को रांची के JSCA इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम में भारत और वेस्टइंडीज के बीच होने वाले दूसरे टी-20 मुकाबले को लेकर पुलिस प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था तेज कर दी है। मैच के दौरान भीड़ नियंत्रण, खिलाड़ियों की सुरक्षा और कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए स्टेडियम और आसपास के क्षेत्रों में विशेष तैयारी की जा रही है।
एडीजी ने स्टेडियम का किया निरीक्षण
सोमवार को विधि-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की समीक्षा के लिए एडीजी मनोज कौशिक JSCA स्टेडियम पहुंचे। उन्होंने स्टेडियम परिसर, प्रवेश द्वार और दर्शक दीर्घाओं का निरीक्षण किया और सुरक्षा इंतजामों की जानकारी ली।
इस दौरान रांची के एसएसपी राकेश रंजन, ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह, सिटी एसपी पारस राणा, ग्रामीण एसपी गौरव गोस्वामी समेत कई वरिष्ठ पुलिस अधिकारी और JSCA प्रबंधन के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
एडीजी ने पुलिसकर्मियों और JSCA अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए कहा कि मैच के दौरान स्टेडियम के अंदर और बाहर कानून-व्यवस्था से जुड़ी कोई समस्या नहीं होनी चाहिए। दर्शकों की सुविधा के साथ खिलाड़ियों की सुरक्षा को प्राथमिकता देने पर जोर दिया गया।
टिकटों की कालाबाजारी पर भी नजर
मैच के टिकटों की अवैध बिक्री और कालाबाजारी रोकने के लिए पुलिस ने विशेष रणनीति तैयार की है। स्टेडियम और टिकट काउंटर के आसपास सादे कपड़ों में पुलिसकर्मियों की टीमें तैनात की जा रही हैं।
संदिग्ध गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि टिकटों की कालाबाजारी करते पकड़े जाने वाले लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। मैच के दौरान स्टेडियम के अंदर और बाहर अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती के साथ निगरानी व्यवस्था भी मजबूत रहेगी।
















