भागलपुर : सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन करने वाले लोगों के खिलाफ नवगछिया पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। वायरल वीडियो के आधार पर की गई छापेमारी में पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से दो देसी कट्टा और 11 जिंदा कारतूस बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल हुआ था, जिसमें एक व्यक्ति अवैध हथियार का प्रदर्शन करता दिखाई दे रहा था। मामले को गंभीरता से लेते हुए नवगछिया पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर वीडियो की जांच कर त्वरित कार्रवाई की गई।
पहली कार्रवाई में गोपालपुर थाना क्षेत्र के तीनटंगा करारी निवासी अनिल कुमार को गिरफ्तार किया गया। तलाशी के दौरान उसके पास से एक देसी कट्टा और चार जिंदा कारतूस बरामद हुए।
इसके बाद मिली गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने दूसरी छापेमारी कर तीनटंगा करारी बाबू टोला निवासी सुमित कुमार को गिरफ्तार किया। उसके कब्जे से एक देसी कट्टा और सात जिंदा कारतूस बरामद किए गए।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ गोपालपुर थाना कांड संख्या 234/26 एवं 235/26 के तहत संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।
नवगछिया पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर हथियारों का प्रदर्शन या सार्वजनिक स्थानों पर हथियार लहराना कानूनन अपराध है। ऐसे मामलों में पुलिस लगातार निगरानी रख रही है और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
















