बहराइच (उत्तर प्रदेश): बहराइच के एक उर्स मेले में सोमवार रात बड़ा हादसा हो गया। फखरपुर थाना क्षेत्र के खालेपुर गांव में चल रहे जलपरी शो के दौरान पानी से भरा विशाल टैंक अचानक फट गया। टैंक में करीब 20 हजार लीटर पानी भरा था। हादसे के वक्त लगभग 40 लोग शो देख रहे थे।
टैंक फटते ही पानी का तेज दबाव बना और कांच की दीवार टूट गई। अचानक पानी का तेज बहाव और कांच के टुकड़े गिरने से मौके पर अफरा-तफरी मच गई। कई बच्चे पानी के बहाव में कई मीटर तक बह गए। कांच के टुकड़े लोगों के सिर और चेहरे में धंस गए।
इस हादसे में चार बच्चों समेत कुल 15 लोग घायल हो गए। घायलों को पुलिस और स्थानीय लोगों की मदद से नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया। गंभीर रूप से घायल दो बच्चों को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है। वहीं, शो में काम करने वाली एक जलपरी भी घायल हुई है।
घायलों में अर्थ (8), बुरऊ (7), अहद खान (8) और मोहम्मद सादिक (9) शामिल हैं। सभी खालेपुर गांव के निवासी बताए गए हैं।
एसपी सिटी आयुष विक्रम सिंह के अनुसार, पानी का दबाव अधिक होने के कारण टैंक फटने की आशंका है। पुलिस ने मेला कमेटी के अध्यक्ष और जलपरी शो संचालक समेत चार लोगों को हिरासत में लिया है। मामले में सात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है।
मेले में हुए इस हादसे ने मनोरंजन के नाम पर लगाए जाने वाले अस्थायी शो और उनकी सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।
















