भागलपुर: जिले के सुलतानगंज थाना क्षेत्र में मंगलवार को उस समय सनसनी फैल गई, जब अबजुगंज हॉल्ट से मिरहट्टी पंचायत जाने वाले मार्ग पर सड़क किनारे एक बोरे में बंद अज्ञात महिला का शव बरामद किया गया। घटना की जानकारी मिलते ही इलाके में हड़कंप मच गया और बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क किनारे पड़े एक संदिग्ध बोरे से महिला का एक पैर बाहर दिखाई दे रहा था। यह देखकर लोगों को अनहोनी की आशंका हुई और तुरंत इसकी सूचना डायल 112 पुलिस को दी गई।
सूचना मिलने पर डायल 112 की टीम घटनास्थल पर पहुंची और मामले की गंभीरता को देखते हुए सुलतानगंज थाना पुलिस को अवगत कराया। इसके बाद थाना अध्यक्ष धनंजय कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया।
पुलिस ने बोरे से शव बरामद कर उसे कब्जे में ले लिया तथा पहचान और मौत के कारणों का पता लगाने के लिए जांच शुरू कर दी। मामले की जांच में फॉरेंसिक टीम की भी मदद ली जा रही है। प्रारंभिक जांच में मामला संदिग्ध प्रतीत हो रहा है और हत्या की आशंका से भी इंकार नहीं किया जा रहा है।
घटना को लेकर विधि-व्यवस्था डीएसपी नवनीत कुमार ने बताया कि पुलिस सभी पहलुओं पर जांच कर रही है। आसपास के क्षेत्रों में लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं और शव की पहचान के लिए आसपास के थाना क्षेत्रों से भी संपर्क किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि शव की पहचान और पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मामले की स्थिति और स्पष्ट होगी। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच कर रही है और आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत और चर्चा का माहौल है। पुलिस लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने और जांच में सहयोग करने की अपील कर रही है।
















