भागलपुर: बिहार के भागलपुर शहर में तिलकामांझी थाना के ठीक सामने स्थित एक भवन में बिल्डर बजरंगी कुमार की हत्या से इलाके में सनसनी फैल गई। घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, बजरंगी कुमार रोज की तरह अपने कार्यालय गए थे, लेकिन देर रात तक घर नहीं लौटे। सुबह भी उनसे संपर्क नहीं होने पर परिजनों ने पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस कार्यालय पहुंची, जहां बाहर से ताला बंद मिला। ताला तोड़कर अंदर प्रवेश करने पर बजरंगी कुमार का शव खून से लथपथ अवस्था में मिला।
परिजनों का कहना है कि बजरंगी कुमार लंबे समय से रियल एस्टेट के कारोबार से जुड़े थे। उनका दावा है कि पिछले कुछ दिनों से वह फोन पर किसी से विवाद करते नजर आते थे। ऐसे में हत्या के पीछे पुरानी रंजिश या किसी कारोबारी विवाद की आशंका जताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। सिटी एसपी अतुलेश झा ने बताया कि मृतक के शरीर पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। मामले की जांच के लिए डॉग स्क्वायड और एफएसएल टीम की सहायता ली जा रही है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है और जल्द ही घटना का खुलासा करने का दावा कर रही है।
थाने के ठीक सामने हुई इस वारदात से स्थानीय लोगों और व्यवसायियों में दहशत और आक्रोश है। पुलिस ने अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी शुरू कर दी है।
















