धनबाद: राष्ट्रीय डॉक्टर्स डे और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स डे के अवसर पर मारवाड़ी युवा मंच, धनबाद शक्ति शाखा की ओर से गुरुवार को विशेष सम्मान समारोह आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य समाज के प्रति उत्कृष्ट योगदान देने वाले चिकित्सकों और चार्टर्ड अकाउंटेंट्स के प्रति सम्मान और आभार व्यक्त करना था।
इस अवसर पर धनबाद की प्रख्यात स्त्री रोग विशेषज्ञ डॉ. नेहा बजाज तथा वरिष्ठ चार्टर्ड अकाउंटेंट सीए सुरेंद्र पासारी को पुष्पगुच्छ, अंगवस्त्र और स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मानित किया गया। शाखा की ओर से दोनों की समाज सेवा, पेशेवर उत्कृष्टता और समर्पित कार्यों की सराहना की गई।
कार्यक्रम में शाखा की अध्यक्ष ईशा अग्रवाल ने कहा कि डॉक्टर और चार्टर्ड अकाउंटेंट समाज के महत्वपूर्ण स्तंभ हैं। अपने-अपने क्षेत्र में उनकी सेवाएं समाज के विकास और लोगों के जीवन को बेहतर बनाने में अहम भूमिका निभाती हैं।
सम्मान समारोह में शाखा की सचिव पूजा खीरवाल, निवर्तमान अध्यक्ष मेघा शर्मा, संरक्षक सदस्य सीमा सुल्तानिया तथा सदस्य गौरी गोयल सहित अन्य सदस्य उपस्थित रहे।
















