धनबाद: जिले में नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बलियापुर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो लोगों को करीब 16 किलोग्राम गांजा के साथ गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई रखितपुर रेलवे गुमटी के समीप गुप्त सूचना के आधार पर की गई।
पुलिस के अनुसार, नियमित गश्ती के दौरान सूचना मिली थी कि दो व्यक्ति भारी मात्रा में मादक पदार्थ लेकर किसी ग्राहक के इंतजार में खड़े हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखकर दोनों संदिग्ध भागने का प्रयास करने लगे, लेकिन जवानों ने उन्हें मौके पर ही पकड़ लिया।
तलाशी के दौरान दोनों के पास मौजूद दो बैगों से करीब 16 किलोग्राम गांजा बरामद हुआ। पुलिस ने मादक पदार्थ को जब्त कर दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। पूरी कार्रवाई अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी (सिंदरी) की मौजूदगी में की गई।
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पूछताछ के दौरान यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि गांजा की खेप कहां से लाई गई थी, किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी नेटवर्क में अन्य कौन-कौन लोग शामिल हैं।
पुलिस का कहना है कि क्षेत्र में मादक पदार्थों की तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। आम लोगों से भी अपील की गई है कि यदि कहीं भी नशे के अवैध कारोबार की जानकारी मिले तो तत्काल पुलिस को सूचित करें, ताकि दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जा सके।
















