बोकारो : चास प्रखंड के पिंड्राजोरा थाना क्षेत्र के तुरीडीह और आसपास के गांवों में कथित लोहा चोरी की घटनाओं को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी है। ग्रामीणों ने क्षेत्र में संचालित एक स्क्रैप गोदाम पर चोरी का लोहा खपाए जाने का आरोप लगाते हुए पुलिस प्रशासन से मामले की जांच और कार्रवाई की मांग की है।
ग्रामीणों के मुताबिक, 14 अगस्त की रात तुरीडीह निवासी अवनी ओझा के प्रधानमंत्री आवास निर्माण के लिए रखा सरिया चोरी हो गया। खोजबीन के दौरान कथित रूप से चोरी हुआ सरिया पास के एक स्क्रैप गोदाम से बरामद होने की बात सामने आई। इसके बाद अवनी ओझा ने 15 अगस्त को पिंड्राजोरा थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई।
पीड़ित का आरोप है कि शिकायत के बावजूद अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने पर उन्हें अपनी फरियाद लेकर पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचना पड़ा। वहीं ग्रामीणों ने स्क्रैप गोदाम के संचालन की वैधता की जांच कराने के साथ क्षेत्र में हो रही चोरी की घटनाओं पर रोक लगाने की मांग की है।
ग्रामीणों का कहना है कि यदि समय रहते ऐसे मामलों में सख्ती नहीं की गई तो चोरी की घटनाएं बढ़ सकती हैं। उन्होंने पुलिस प्रशासन से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई करने की मांग की है।
















