धनबाद: सुदामडीह थाना क्षेत्र के अमलाबाद स्थित दामोदर नदी में जितिया पर्व के दौरान शुक्रवार को हादसा हो गया। परिवार के साथ नदी में स्नान करने पहुंची 16 वर्षीय सोनाक्षी कुमारी गहरे पानी में चली गई और डूब गई। घटना के बाद नदी किनारे अफरा-तफरी मच गई।
बताया गया कि सोनाक्षी लोदना स्थित अपनी नानी के घर आई थी। जितिया पर्व को लेकर वह परिवार के अन्य सदस्यों के साथ दामोदर नदी में स्नान करने पहुंची थी। इसी दौरान वह गहरे पानी में चली गई। ग्रामीणों ने तुरंत नदी में उतरकर बचाव की कोशिश की। इस दौरान अमन नामक एक युवक को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, लेकिन सोनाक्षी का पता नहीं चल सका।
दूसरे दिन भी NDRF की तलाश
घटना की सूचना मिलने के बाद बचाव अभियान शुरू किया गया। शनिवार को हादसे के दूसरे दिन NDRF की टीम सुबह से ही दामोदर नदी में सर्च ऑपरेशन चला रही है। टीम नदी के अलग-अलग हिस्सों में सोनाक्षी की तलाश कर रही है।
सोनाक्षी के परिजन भी नदी किनारे मौजूद हैं और लगातार उसके मिलने का इंतजार कर रहे हैं। वहीं बड़ी संख्या में स्थानीय लोग भी मौके पर जुटे हुए हैं।
नदी में स्नान के दौरान सावधानी की अपील
दामोदर नदी में स्नान के दौरान पहले भी हादसे सामने आते रहे हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि नदी में गहराई और तेज बहाव को देखते हुए स्नान के दौरान विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।
फिलहाल NDRF का सर्च ऑपरेशन जारी है और परिजन सोनाक्षी के सकुशल मिलने की उम्मीद लगाए हुए हैं।
















