धनबाद: उपायुक्त सह जिला दंडाधिकारी आदित्य रंजन ने मंगलवार को धनबाद सर्किट हाउस का औचक निरीक्षण कर वहां की व्यवस्थाओं, सुविधाओं और रखरखाव की स्थिति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने परिसर के कायाकल्प, सौंदर्यीकरण और बेहतर प्रबंधन को लेकर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के क्रम में उपायुक्त ने सर्किट हाउस के कमरों, लॉबी, वीआईपी सुइट्स, किचन तथा डाइनिंग एरिया का अवलोकन किया और उपलब्ध सुविधाओं की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सर्किट हाउस परिसर को अधिक आकर्षक और व्यवस्थित बनाने के लिए उद्यानों का बेहतर रखरखाव किया जाए, नए पौधे लगाए जाएं तथा हरियाली बढ़ाने के लिए विशेष अभियान चलाया जाए।
उपायुक्त ने कहा कि सर्किट हाउस जिले की पहचान का महत्वपूर्ण केंद्र है, जहां समय-समय पर विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विशिष्ट अतिथि ठहरते हैं। ऐसे में इसकी स्वच्छता, सौंदर्य और सुविधाओं का उच्च स्तर पर बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिक जिम्मेदारी है।
उन्होंने विशेष रूप से किचन और डाइनिंग एरिया में साफ-सफाई की व्यवस्था को और सुदृढ़ करने के निर्देश देते हुए कहा कि स्वच्छता से किसी प्रकार का समझौता नहीं किया जाएगा। साथ ही भवन की मरम्मत, रखरखाव और अन्य आवश्यक सुधार कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने का निर्देश दिया।
निरीक्षण के दौरान एनडीसी दीपक कुमार दुबे, जिला नाजिर आनंद कुमार, भवन प्रमंडल, पथ निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अभियंता एवं अधिकारी उपस्थित रहे। अधिकारियों ने उपायुक्त को सर्किट हाउस में चल रहे कार्यों और भविष्य की योजनाओं की भी जानकारी दी।
















